मुण्डन संस्कार व सद्बुद्धि यज्ञ कर मनरेगा कर्मचारियों ने अपनी मांगों की ओर ध्यान आकर्षित करने का किया प्रयास अनिश्चित कालीन हड़ताल पर बैठें हैं मनरेगा कर्मचारी




सुकमा. अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर 04 अप्रैल से हड़ताल व धरने पर बैठे मनरेगा कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार का उनकी मांगों की ओर ध्यान आकर्षित करने हेतु मुण्डन संस्कार व सद्बुद्धि यज्ञ कर प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मनरेगा कर्मचारियों ने मां सरस्वती व माता लक्ष्मी के नाम पर यज्ञ किया साथ ही कुच्च कर्मचारियों ने मुण्डन करवा कर अपना विरोध प्रदर्शन किया।
बता दें कि छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय आव्हान अनुसार 04 अप्रैल से सभी मनरेगा कर्मी अधिकारी, कर्मचारी, रोजगार सहायक अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे हैं। वही बीते दिनों जिले के तीनों ब्लॉक में बाइक रैली निकाली गई थी। इसी तारतम्य में आज रविवार को मनरेगा कर्मचारियों ने मुण्डन संस्कार व सद्बुद्धि यज्ञ कर प्रदर्शन किया।
*जिले का कामकाज हो रहा प्रभावित*
बीते 20 दिनों से मनरेगा कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन आंदोलन से ग्राम पंचायतों के कामकाज प्रभावित हो रहे है वहीं मनरेगा कर्मचारी अपनी 2 सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन करते आ रहे हैं लेकिन उसके बाद भी शासन-प्रशासन उनकी मांगों को लेकर अब तक कोई पहल नहीं की है, जिससे मनरेगा कर्मचारी संघ के द्वारा अलग अलग तरीके से प्रदेश सरकार द्वारा किए वादे को निभाने के लिए आवाज उठा रही हैं। मनरेगा कर्मचारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार चुनावी जनघोषणा पत्र को आत्मसात करते हुए समस्त कर्मियों का नियमितीकरण किया जाए। साथ ही नियमितिकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने तक ग्राम रोजगार सहायक का वेतनमान निर्धारण कर समस्त मनरेगा कर्मियों पर सिविल सेवा नियम 1966 के साथ पंचायत कर्मी नियमावली लागू करें। उन्होंने कहा कि जब तक हमारी 2 सूत्रीय मांग पूरी नहीं होती तब तक हड़ताल अनिश्चितकालीन जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा हमारी मांगों पर किसी भी प्रकार विचार नहीं किया जा रहा है। जोकि बड़ा ही दुर्भाग्य पूर्ण है।