बिग CG न्यूज: किडनैपिंग के बाद 2 लड़कों का मर्डर.... लॉकडाउन में पैसों की तंगी हुई तो बनाया प्लान.... कंगाली ने हमाल को बनाया हत्यारा.... रुपए लूटे, शराब पिलाकर पत्थर से कुचल दिया सिर.... 11 दिनों से चल रही थी तलाश…..




रायपुर। भाटागांव इलाके में रहने वाले उमेश यादव और रंजीत 1 जून से लापता थे। इनके मां-बाप इन्हें ढूंढ रहे थे। खबर आई कि उन गुम हुए बच्चों की मध्यप्रदेश ले जाकर हत्या कर दी गई। नाबालिगों को अपने साथ ले जाने वाले आरोपी और इसके साथी को रायपुर की पुलिस ने MP जाकर गिरफ्तार कर लिया। अब इन्हें जेल भेजा जा रहा है। आरोपियों ने अपना गुनाह कबूलते हुए बताया कि लॉकडाउन की वजह से ये पैसों की तंगी से जूझ रहे थे।
इसलिए उन्होंने नाबालिगों को साथ ले जाकर पहले उनके सारे पैसे लूटे और फिर हत्या कर दी। इस घटना की प्लानिंग करने वाले बदमाश का नाम खेलन पाल है। इसका साथी रामस्वरूप भी इस वारदात में शामिल था। घर वालों ने पुलिस को बताया कि इसी इलाके में रहने वाला खेलन इन्हें अपने साथ ले गया है। खेलन फल मार्केट में हमाली का काम करता है। पिकअप वाहन में वो इन लड़कों को लोडिंग-अनलोडिंग के काम से लेकर गया। घर वालों को लगा कि दोनों बच्चे लौट आएंगे मगर एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी उनकी कोई खबर नहीं आई। दोनों लड़कों और खेलन का भी फोन बंद मिला। इसके बाद वे पुलिस के पास गए।
पुलिस ने खेलन के बारे में पता किया तो जानकारी मिली की वो अनूपपुर का रहने वाला है। पुलिस की टीम वहां गई तो हत्या का खुलासा हुआ। घटना के बाद से ही खेलन वहीं छुपा हुआ था। उसने पुलिस को बताया कि नाबालिगों के पास रखे रुपयों को लूटने की नीयत से काम और खाने-पीने, मजे करने का झांसा देकर वो अपने साथ लेकर गया था। अनूपपुर जिले के बेल्हा गांव के खेत की एक झोपड़ी में खेलन ने अपने एक साथी और उमेश व रंजीत के साथ मिलकर दावत उड़ाई। उन्हें खूब शराब पिलाई। जब वो बेसुध होकर सो गए तो इनके रुपए लूट लिए और पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी।