एक ही परिवार के 4 लोगों की मिली लाश: एक ही परिवार के चार सदस्य घर पर पाए गए मृत.... मरने वालों में 2 बच्चे भी शामिल.... पति-पत्नी के बीच चल रहा था तनाव.... पुलिस को आत्महत्या का संदेह.... इलाके में सनसनी.....




...
नई दिल्ली 1 दिसंबर 2021। एक घर में दो बच्चों समेत एक ही परिवार के चार सदस्य मृत पाए गए। दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में बड़ी घटना हुई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि अमित कुमार (30), उनकी 25 वर्षीय पत्नी और छह साल की बेटी तथा तीन साल का बेटा घर में मृत मिले। पुलिस इसके पीछे की वजह तलाशन में जुट गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि अगर यह आत्महत्या का मामला है तो ऐसी क्या परिस्थिति रही होगी कि परिवार को यह कदम उठाना पड़ा।
उन्होंने बताया कि इस परिवार के एक रिश्तेदार ने पुलिस को इस घटना के बारे में सुबह में जानकारी दी थी। पुलिस ने बताया कि मौत की वजह का पता अभी नहीं चल पाया है। हालांकि, प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या और जहर खाने का मामला प्रतीत हो रहा है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम में होगी। मकान में कुमार और उनके भाई का परिवार रहता था। कुमार के भतीजे ने सुबह उन्हें फांसी के फंदे से लटका हुआ देखा और पुलिस को सूचना दी। अधिकारी ने बताया कि कुमार और उसकी पत्नी के बीच का रिश्ता तनावपूर्ण था और दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। कुमार की पत्नी कुछ महीने पहले उसे छोड़कर चली गई थी।
करीब दो सप्ताह पहले जब वह लौटी तब कुमार के परिजनों ने उससे पत्नी को स्वीकार करने और उसके साथ राजी-खुशी रहने को कहा। उन्होंने बताया कि सबकुछ सही चल रहा था, संयुक्त परिवार में सभी खुश थे। पुलिस के अनुसार, एक क्लिप फैक्टरी में काम करने वाले कुमार और उसकी पत्नी के बीच कुछ विवाद था। उन्होंने बताया कि हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में समयपुर बादली थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।