पूर्व IAS का निधन: पूर्व नौकरशाह नहीं रहे.... पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के रहे थे निजी सचिव.... 64 की उम्र में ली अंतिम सांस......

पूर्व IAS का निधन: पूर्व नौकरशाह नहीं रहे.... पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के रहे थे निजी सचिव.... 64 की उम्र में ली अंतिम सांस......

डेस्क। पूर्व नौकरशाह और शिक्षाविद शक्ति सिन्हा का निधन हो गया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निजी सचिव रहे सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी शक्ति सिन्हा 64 वर्ष के थे। लोधी रोड स्थित शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया गया। आइपी एक्सटेंशन के आदिति अपार्टमेंट में रहने वाले शक्ति सिन्हा रविवार रात तक ठीकठाक थे। सोमवार सुबह वह समय पर नहीं उठे, तो उनके स्वजन उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर गए। वहां डाक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह 1979 बैच के आइएएस अधिकारी थे। 


शक्ति सिन्हा का जन्म 11 मई 1957 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के वह काफी करीब थे। वर्ष 1998 से 2000 के बीच वह उनके निजी सचिव रहे थे। उन्होंने दिल्ली के ऊर्जा सचिव के रूप में भी काम किया था। कई नेताओं और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सिन्हा के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के प्रेस सचिव अजय सिंह ने ट्वीट किया, जीवन कितना क्षणभंगुर है। कल ही शक्ति सिन्हा जी से मुलाकात की और एक लंबी और समृद्ध बातचीत हुई। अब वह नहीं रहे। बेहद व्यथित। 

वह नेहरू स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय (एनएमएमएल) के पूर्व निदेशक भी थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी शक्ति सिन्हा कई संस्थाओं में सेवाएं दे रहे थे। वर्तमान में वह संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कन्फेडरेशन के महानिदेशक थे। दिल्ली विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट आफ एमिनेंस के दिल्ली स्कूल आफ पब्लिक पालिसी एंड गवर्नेंस के निदेशक भी थे। इसके अलावा वह वडोदरा की एमएस यूनिवर्सिटी में अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट आफ पालिसी रिसर्च एंड इंटरनेशनल स्टडीज के निदेशक पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।