मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ कर रही है महिलाओं को जागरूक - डॉ नायक




महिलाओं को उनके अधिकार और कानून के प्रति जागरूक करने राज्य महिला आयोग की नई पहल - रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष हुई शामिल
रायपुर 24 अगस्त 2022/ आज मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ रायपुर जिले की धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टेकारी पहुंची जिसमे रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती डोमेश्वरी वर्मा, टेकारी ग्राम पंचायत के सरपंच खिलेंद्र वर्मा, पंच श्रीमती उषा वर्मा, बुधराम धीवर व उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक शिक्षिका, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित विद्यार्थीगण सम्मिलित हुए।
आयोग की अध्यक्ष डॉ किरणमयी नायक ने कहा कि मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ में एलईडी स्क्रीन से लघु फिल्में दिखाई जा रही है। रथ के साथ अधिवक्तागण और आयोग के अधिकारी कर्मचारी भी साथ रहते हैं। जिससे पीड़ित महिलाओं को तत्काल उनके शिकायत की निराकरण भी किया जा रहा है। आयोग की अध्यक्ष डॉ नायक ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ महिला आयोग की गतिविधियों, महिलाओं के संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों का संरक्षण, शासन की विभिन्न योजनाओ, कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार तथा महिलाओं के सशक्तिकरण एवं महिलाओं को न्याय दिलाने के उद्देश्य से प्रचार-प्रसार हेतु छत्तीसगढ़ राज्य के सभी जिलों में मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ तैयार भेजा जा रहा है। जिससे प्रदेश के सभी जिलों के विकासखण्डों में आयोग की गतिविधियों का प्रचार प्रसार किया जाएगा। साथ ही आयोग द्वारा हैशटैग भी बनाया गया है जो इस प्रकार है - 1. महिला मन ल मिले सम्मान इहि म हवें हमर शान।
2. बात हे अभिमान के, महिला मन के सम्मान के।
यह पहल छत्तीसगढ़ की महिलाओं को विधिक संरक्षण और अधिकारों के प्रति जागरूक करने 16 अगस्त से मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ शहर के विभिन्न स्थानों में भ्रमण कर रहा है।अभी तक रायपुर शहर में सरस्वती स्कूल पुरानी बस्ती, नयापारा, दानी गर्ल्स स्कूल, शालेम स्कूल, तेलीबांधा स्कूल, बीपी तिवारी स्कूल, मधु पिल्ले स्कूल, त्रिमूर्ति नगर चौक, जागृति नगर स्कूल पारा, खमतराई, नारी निकेतन, शासकीय बालिका गृह, शासकीय हाई स्कूल रामनगर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जनता कॉलोनी, कृष्णा नगर, भवानी नगर, नगर निगम बीरगांव के 6 गॉवों में भ्रमण कर लिया है।
आज रथ के समक्ष उपस्थित महिलाओं, व बच्चों सहित उपस्थित जनमानस को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती डोमेश्वरी वर्मा ने सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य सरकार व राज्य महिला आयोग द्वारा मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ महिलाओं के हित में एक सराहनीय कार्य कर रहा है जिसके लिए मैं आभार व्यक्त करती हूं। और उपस्थित महिलाओं बालिकाओं से कहा कि राज्य महिला आयोग के द्वारा किये जाने वाले यह पहल हम सभी के लिए है रथ में दिखाए गए समस्त फिल्मों से हमे सिख लेकर पीड़ित महिलाओं में जागरूकता लाएं और हमे उन्हें राज्य महिला आयोग की गतिविधियों को बताये जिससे उन्हें न्याय मिल सके।