614 लोगों की मौत: कोरोना में बड़ी गिरावट.... एक दिन में घटे 50 हजार केस.... 24 घंटे में 2.5 लाख नए केस.... एक दिन में पॉजिटिविटी रेट 20.7% से घटकर 15.5% हुआ........




...
नई दिल्ली। देश में 24 घंटे में 2 लाख 55 हजार 874 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इस दौरान 614 मरीजों की मौत हुई है। 2 लाख 67 हजार 753 लोग ठीक हुए हैं। देश में लगातार चौथे दिन नए कोरोना केस घटे हैं। पिछले दिन के मुकाबले नए संक्रमितों में करीब 50 हजार (16.39%) की कमी आई है। देश में फिलहाल कुल एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 22.36 लाख है। पॉजिटिविटी रेट भी 15.52 प्रतिशत पहुंच गई है।
सरकार ने कहा है कि कोविड के रोजाना के केस में 15 फरवरी के बाद गिरावट आने लगेगी। कुछ राज्यों और मेट्रो सिटी में 15 फरवरी के बाद केस कम होंगे और संक्रमण में स्थिरता आने लगेगी। वैक्सीनेशन के चलते तीसरी लहर का असर काफी कम हो गया है। मुंबई में भी कोरोना की रफ्तार काबू में आ गई है। मुंबई में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 1,857 नए मामले दर्ज किए गए हैं। नए मामले सामने आने के बाद मुंबई में एक्टिव मरीजों की संख्या 21 हजार 142 पहुंच गई है। बीते 24 घंटे में कोरोना से 11 लोगों की मौत हुई है जबकि इस बीच 11 लोगों की मौत हुई है और 503 मरीज ठीक हुए हैं।
दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में गिरावट दर्ज की गई। यहां पॉजिटिविटी रेट गिरकर 11.79% हो गई है जो कि एक दिन पहले 13 फीसदी थी। पिछले 24 घंटे में राजधानी में 5760 नए मामले सामने आए जिसके बाद यहां संक्रमितों का कुल आंकड़ा बढ़कर 17,97,471 हो गया। वहीं पिछले 24 घंटों में 30 मरीजों की कोरोना से मौत हो गई जिसके बाद इस वायरस की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा बढ़कर 25,650 हो गया। इस दौरान 14,836 मरीज इस महामारी को मात देने में कामयाब रहे जिन्हें मिलाकर अब तक कुल 17,26,681 लोग ठीक हो चुके हैं।
देश में कोरोना पर एक नजर
एक्टिव केस: 22,36,842
कुल रिकवरी: 3,70,71,898
कुल मौतें: 4,90,462