CG आसमान से आई आफत: आकाशीय बिजली गिरने से चाचा-भतीजे की मौत.... मछली पकड़ने गए थे दोनों.... तीन घटनाओं में दो मौत के अलावा 8 साल का बच्चा और महिला झुलसे.... हालत गंभीर......

CG आसमान से आई आफत: आकाशीय बिजली गिरने से चाचा-भतीजे की मौत.... मछली पकड़ने गए थे दोनों.... तीन घटनाओं में दो मौत के अलावा 8 साल का बच्चा और महिला झुलसे.... हालत गंभीर......

कोरबा 18 अगस्त 2021। जिले में देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से तीन अलग-अलग घटनाओं में चाचा-भतीजा की मौत हो गई। महिला और 8 साल का बच्चा झुलस गए हैं। हादसे बांगो, बांकीमोंगरा और सिटी कोतवाली क्षेत्र में हुए हैं। मरने वालों में 14 साल का बच्चा भी शामिल है। वह अपने चाचा के साथ मछली पकड़ने के लिए गया था। महिला और बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर है। 

 

चाचा-भतीजे की मौत

 

बांकीमोंगरा क्षेत्र के भद्रापारा निवासी रामसिंह धनवार (26) अपने 14 साल के भतीजे घुड़देवा निवासी बैसाखू के साथ छत घाट पर शाम करीब 6 बजे मछली पकड़ने गया था। दोनों घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने लगी। नयाभारत को मिली जानकारी के अनुसार इससे पहले कि दोनों वहां से लौटते आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिरी। सूचना मिलने पर पुलिस उन्हें SECL के अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

 

बकरी चरा रहा बच्चा आया चपेट में

 

दूसरी ओर बांगो क्षेत्र के लमना में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 8 साल का देवसाय घायल हो गया। वह अपने पिता के साथ घर की बाड़ी में ही बकरी चरा रहा था। नयाभारत को मिली जानकारी के अनुसार बिजली गिरने से बच्चे की शरीर और चेहरा झुलस गया। सूचना मिलने पर 112 की टीम गांव के आस-पास मौजूद हाथियों के झुंड को पार कर पहुंची और बेहोश बच्चे को उपस्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। 

 

शहर में भी गिरी बिजली

 

शहर के डीडीएम रोड पर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तुलसी नगर निवासी राधा बाई गंभीर रूप से झुलस गईं। एक निम्न दाब का क्षेत्र तटीय उड़ीसा और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। आज दिनांक 18 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। नयाभारत को मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में गरज चमक के साथ एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की भी संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः बिलासपुर और सरगुजा संभाग रहने की संभावना है।