लोकप्रिय अभिनेता का निधन: रामानंद सागर की रामायण के 'रावण' अरविंद त्रिवेदी का 82 साल की उम्र में निधन.... खामोश हो गई 'रावण' की वो गर्जना.... लंबे वक्त से थे बीमार.... जब परेश रावल की वजह से 'रावण' का किरदार निभाने से किया था इनकार!.....




डेस्क। मनोरंजन जगत से एक और बुरी खबर सामने आई है। टीवी जगत के लोकप्रिय धारावाहिक रामायण में रावण का किरदार निभा चुके एक्टर अरविंद त्रिवेदी का निधन हो गया। उन्होंने 82 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। त्रिवेदी ने रामानंद सागर की रामायण में रावण का किरदार निभाया था, जिसे काफी पसंद किया गया था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे, लेकिन बीती रात हार्ट अटैक आने की वजह से उनका निधन हो गया। 'रामायण' में शानदार अभियन करने वाले अरविंद त्रिवेदी के कई और किरदारों को भी खूब सराहा गया।
उन्होंने टीवी धारावाहिक 'विक्रम और बेताल' में भी काम किया था। यह शो भी छोटे पर्दे पर लंबे समय तक छाया रहा। अरविंद त्रिवेदी का जन्म मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में हुआ। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत गुजराती रंगमंच से की। उनके भाई उपेंद्र त्रिवेदी भी गुजराती सिनेमा का चर्चित नाम रहे हैं और गुजराती फिल्मों में एक्टिंग कर चुके हैं। गुजराती भाषा की धार्मिक और सामाजिक फिल्मों से अरविंद त्रिवेदी को गुजराती दर्शकों में पहचान मिली, जहां उन्होंने 40 वर्षों तक योगदान दिया। उन्हें शानदार अभिनय के लिए कई पुरस्कार भी मिल चुके थे।
रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने अरविंद के निधन पर शोक जाहिर किया है। सुनील ने ट्विटर पर लिखा, 'बहुत दुखद समाचार है कि हमारे सबके प्यारे अरविंद भाई अब हमारे बीच नहीं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मैंने अपने पिता समान, मेरे गाइड और बेहतरीन इंसान को खो दिया।' सुनील लहरी के अलावा भी कई सेलेब्स और फैन्स ने अरविंद को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि असाधारण अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का निधन अत्यंत दुःखद है। रामायण धारावाहिक में उनके उत्कृष्ट अभिनय को सदैव याद किया जाएगा। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परम धाम में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति!
जब रामानंद सागर ने रावण के किरदार के लिए अरविंद त्रिवेदी को फाइनल कर लिया, तो अचानक अरविंद ने रोल करने से मना कर दिया। रामानंद सागर ने जब इसका कारण पूछा तो उन्होंने कहा, ‘उन्हें लगा था कि रावण का कैरेक्टर एक या दो दिन को होगा, मगर यह तो बहुत लंबा है और वो इस समय एक्टर परेश रावल का प्ले ‘महारथी’ कर रहे हैं, लिहाजा वे परेश के साथ किए गए कमिटमेंट को नहीं तोड़ सकते हैं।’ परेश रावल को जब ये बात पता चली कि अरविंद त्रिवेदी उनके प्ले की वजह रामानंद सागर को रावण का किरदार निभाने के लिए मना कर दिया है।
तो उन्होंने फौरन अरविंद से बात की। परेश ने उनसे कहा, ‘रामानंद की रामायाण में रावण की भूमिका निभाना उनके लिए एक लाइफ टाइम मौका है। आप रावण का किरदार जरूर निभाएं, ऐसे चरित्र को निभाने का मौका किसी अभिनेता के पास बार-बार नहीं आता है। अपने प्ले के लिए मैं रिपल्सेमेंट तलाश कर लूंगा, इस बात की आप बिल्कुल भी चिंता न करें’। फिर इसके बाद क्या हुआ, यह दुनिया जानती है।
मैं लंकाधिपति रावण.... रामानंद सागर के बहुचर्चित सीरियल 'रामायण' में लंकेश का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी नहीं रहे। सिनेमा के साथ-साथ उनका राजनीति से भी जुड़ाव रहा। लोकप्रियता चरम पर थी जब उन्होंने बीजेपी के टिकट पर साल 1991 में गुजरात की साबरकांठा सीट से चुनाव लड़ा और विजयी भी हुए। वह 1991 से 1996 तक लोकसभा के सांसद रहे।