प्रियंका गांधी हिरासत में: प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने हिरासत में लिया.... पुलिस कस्टडी में सफाईकर्मी की मौत के बाद सियासी बवाल.....

प्रियंका गांधी हिरासत में: प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने हिरासत में लिया.... पुलिस कस्टडी में सफाईकर्मी की मौत के बाद सियासी बवाल.....

डेस्क। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को आगरा जाने के दौरान  UP पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दरअसल, पुलिस हिरासत में एक सफाईकर्मी की मौत के मामले में प्रियंका, मारे गए शख्स के परिजनों से मुलाकात करने आगरा जा रही थीं लेकिन यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने उन्हें वहां जाने से रोक दिया था। यूपी पुलिस का कहना है कि प्रियंका को इसलिए रोका गया क्योंकि उनके पास जरूरी इजाजत नहीं है। यूपी के आगरा में कथित तौर पर पुलिस हिरासत में वाल्मीकि समाज के युवक की मौत के बाद जबर्दस्त हंगामा हो रहा है। 

युवक के परिवार से मिलने जा रही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को आगरा में एक्सप्रेसवे पर हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि अरुण कुमार नाम के सफाईकर्मी की पुलिस हिरासत में पिटाई से मौत हुई है। वाल्मीकि समाज से जुड़े अरुण कुमार को पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। यूपी में चुनाव अगले साल है लेकिन यूपी का सियासी तापमान इस महीने की शुरूआत से ही चढ़ा हुआ है। 

आगरा जाने से रोके जाने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि ''पुलिस की खुद स्थिति यह हो गई है कि वे कुछ कह नहीं पा रहे हैं। उनके अधिकारी भी जानते हैं कि ये ग़लत है इसके पीछे कुछ क़ानून व्यवस्था का मुद्दा नहीं है। हर जगह कहते हैं कि धारा-144 है।'' इससे पहले प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर लिखा, ''अरुण वाल्मीकि की मृत्यु पुलिस हिरासत में हुई। उनका परिवार न्याय मांग रहा है। मैं परिवार से मिलने जाना चाहती हूं। यूपी सरकार को डर किस बात का है? क्यों मुझे रोका जा रहा है।''