9 मासूम बच्चों की मौत: बड़ा हादसा... शिवलिंग बनाने इकठ्ठे हुए थे बच्चे... भरभराकर गिरी 50 साल पुरानी दीवार...
9 children died after being buried under the debris of a wall




9 Children Died
Sagar, Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के सागर में दीवार के मलबे में दबकर 9 बच्चों की मौत हो गई। कुछ बच्चे घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। लगभग सुबह 8.30 बजे की घटना है, दीवार बच्चों पर गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंची। कुल 11 बच्चे थे, 9 बच्चों की मौत हो गई, अन्य 2 बच्चों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। बच्चे मिट्टी के शिवलिंग बना रहे थे। शिवलिंग निर्माण के दौरान पचास साल पुरानी दीवार गिर गई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले में कच्चे मकान के क्षतिग्रस्त होने की घटना में बच्चों की असामयिक मृत्यु पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। सीएम ने कहा की आज सागर जिले के शाहपुर में हुई अतिवृष्टि के कारण जर्जर मकान की दीवार गिरने से 9 मासूम बच्चों के काल कवलित होने की खबर सुनकर मन व्यथित है। घायल बच्चों के उचित इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देशित किया है।
भगवान से करबद्ध प्रार्थना है कि दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें। हादसे में घायल अन्य बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। जिन परिवारों ने मासूम बच्चों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मृतक बच्चों के परिजनों को शासन की तरफ से 4 -4 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्षाकाल में सावधानियां रखे जाने के निरंतर प्रयासों के बाद ऐसी घटनाएं होना पीड़ा का विषय है। राज्य सरकार ने जिलों में अतिवर्षा की स्थितियों से निपटने के लिए आपदा दलों को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सागर जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की आर्थिक सहायता के निर्देश दिए हैं।
मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री गोविंद राजपूत ने कहा की यह बहुत ही दुखद घटना है। प्रशासन सक्रियता से काम कर रहा है। हम सब यहां मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवार को 4 लाख रुपए और घायलों को 1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मैंने सागर के कलेक्टर को इस संबंध में काम करने को कहा है, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।