सिंधी महाकुंभ में उमड़ा जन सैलाब

सिंधी महाकुंभ में उमड़ा जन सैलाब
सिंधी महाकुंभ में उमड़ा जन सैलाब

-संघ प्रमुख सरसंघ चालक मोहन भागवत समारोह में पहुंचे

-मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मंच पर मौजूद

 

भोपाल। शहर के भेल दशहरा मैदान में भारतीय सिंधु सभा के बैनर तले आज अमर बलिदानी हेमू कालानी का जन्म शताब्दी समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस सम्‍मेलन में देश-विदेश से बड़ी संख्‍या में लोग पहुंचे हैं। आयोजकों ने इस समागम में 1 लाख से ज्‍यादा लोगों के जुटने का दावा किया है। लोगों की संख्या देखते हुए यह दावा सही भी साबित होते दिख रहा है। यह पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोग एक जगह एकत्रित हुए हैं। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहनराव भागवत भी शामिल हैं। भागवत दोपहर करीब दो बजे सम्‍मेलन में पहुंचे। इसके आधे घंटे बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पहुंच गए हैं। यहां पहुंचकर संघ प्रमुख ने सबसे पहले सिंधी समाज के संत-महात्‍माओं से मुलाकात की। मोहन भागवत ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन, भारतीय सिंधु सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लधाराम नागवानी और कार्यक्रम संयोजक भाजपा के प्रदेश महामंत्री और भारतीय सिंधु सभा के राष्ट्रीय महामंत्री भगवानदास सबनानी के साथ सिंधी महापुरुषों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समारोह में राज्यसभा सदस्य महेश जेठमलानी, इंदौर के सांसद शंकर लालवानी, जबलपुर के विधायक अशोक रोहाणी सहित देश-विदेश की अनेक हस्तियां शामिल हुई है। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवा के माध्यम से उपलब्धियां हासिल करने वाले सिंधी समाजसेवियों और उद्योगपतियों का सम्मान भी किया गया। समारोह में संगीत कार्यक्रम भी पेश किए जा रहे हैं। प्रमुख गायक कलाकार जतिन उदासी ने भी मंच पर संगीत कार्यक्रम पेश किया। अनेक संत महात्माओं के साथ ही शदाणी दरबार रायपुर के साईं युधिष्ठिर लाल, प्रसिद्ध गायक घनश्याम वासवानी एवं मोहित लालवानी सहित अनेक गणमान्य अतिथि भोपाल पहुंचे हैं। इंदौर में राम नवमी उत्‍सव के दौरान हुए बावड़ी हादसे के शोक स्वरूप इंदौर सिंधी समाज के प्रतिनिधि इस सम्‍मेलन में शामिल नहीं हो रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान इंदौर हादसे में दिवंगत समाज के लोगों को भगवानदास सबनानी ने समाज की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियाँ हासिल करने वाली 9 विभूतियों का सम्मान किया गया। साथ ही कला, साहित्य, उद्योग, राजनैतिक क्षेत्रों के साथ सिंधी समाज की सेकडों पंचायतों के अध्यक्षों सहित गणमान्य महिला पुरुष शामिल हुए हैं।  ख्याति प्राप्त संतजन भी समारोह में आशीर्वाद देने के लिए विशेष रूप से पधारे हैं। हेमू कालानी जन्म शताब्दी समारोह कार्यक्रम के संयोजक भगवानदास सबनानी ने बताया कि, देश के स्वतंत होने के बाद इन 75 सालो में इस प्रकार का यह पहला आयोजन है। जिसमें इतनी बड़ी तादाद में सिंधी समाज के भाइयो और बहनों का समागम भोपाल के भेल दशहरा मैदान में हो रहा है। कार्यक्रम का संचालन अंतर्राष्ट्रीय सिन्धी कलाकार सुश्री कविता इसरानी और मोहित शेवानी ने संयुक्त रूप से किया।

आयोजन के अन्य आकर्षण

• ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा पारम्परिक सिन्धी लोक नृत्य तथा छेज के अलावा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।
• सिन्ध के प्रमुख नगरों एवं विभिन्न दर्शनीय स्थानों की प्रदर्शनी।
• स्वाधीनता संग्राम में सिन्ध के योगदान पर आकर्षक प्रदर्शनी।
• हेमू कालाणी तथा अन्य क्रांतिकारियों व महापुरुषों आधारित प्रदर्शनी
• सिन्धी व्यंजनों के स्टाल।
• स्वतंत्रता सेनानियों पर केंद्रित स्मारिका का विमोचन।