पूर्व CM का निधन: पूर्व मुख्यमंत्री तथा पूर्व राज्यपाल के निधन पर मुख्यमंत्री भूपेश ने गहरा दुख व्यक्त किया.... PM मोदी ने जताया शोक.....

पूर्व CM का निधन: पूर्व मुख्यमंत्री तथा पूर्व राज्यपाल के निधन पर मुख्यमंत्री भूपेश ने गहरा दुख व्यक्त किया.... PM मोदी ने जताया शोक.....

...

रायपुर 4 दिसंबर 2021। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा तमिलनाडु के पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ नेता कोनिजेति रोसैया के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कोनिजेति रोसैया के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने ईश्वर से प्रार्थना की है।

अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कोनिजेति रोसैया का शनिवार को निधन हो गया। रोसैया 88 वर्ष के थे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि शनिवार की सुबह रोसैया बीमार पड़े और एक निजी अस्पताल ले जाते समय उन्होंने आखिरी सांस ली। वह 31 अगस्त 2011 से 30 अगस्त 2016 तक तमिलनाडु के राज्यपाल भी रहे। रोसैया ने अपनी राजनीतिक यात्रा 1968 में विधान परिषद के सदस्य के रूप में की थी। वाई एस राजशेखर रेड्डी के निधन के बाद वह 3 सितंबर 2009 से 25 नवंबर 2010 तक आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव और तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी समेत कई नेताओं ने रोसैया के निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रधान न्यायाधीश एन. वी. रमण ने भी रोसैया को श्रद्धांजलि अर्पित की। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने हैदराबाद स्थित रोसैया के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही दिवंगत नेता की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ कराने के निर्देश दिये। बयान के मुताबिक, राज्य सरकार ने 3 दिवसीय शोक की घोषणा की है। रोसैया का अंतिम संस्कार रविवार दोपहर किया जाएगा।