CG- 15 साल का लड़का किडनैप: ट्यूशन पढ़ने के लिए निकला था 15 साल का छात्र.... फिर जो हुआ.... किसान पिता से मांगी 10 लाख रुपए की फिरौती.... मचा हड़कंप......




बिलासपुर 26 अक्टूबर 2021। 15 साल के छात्र का अपहरण हो गया है। अपहरणकर्ताओं ने 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी है। बच्चे के पिता एक गरीब किसान है। ऐसे में उनसे इतनी बड़ी फिरौती की रकम को लेकर पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है। फिरौती के लिए कॉल आने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी है। इसके बाद घर से लेकर ट्यूशन स्थल तक आसपास लगे CCTV कैमरे से फुटेज चेक किए जा रहे हैं। तखतपुर थाना क्षेत्र के रामनगर रोड टिकरीपारा वार्ड क्रमांक 3 में रहने वाले शशिकांत पांडेय मूल रूप से मुंगेली जिले के जरहागांव क्षेत्र के सेमरसल गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस अपहरण की इस घटना को लेकर सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। गांव के किसान आदमी के बेटे का अपहरण कर 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग करना पुलिस की समझ से परे है। ऐसे में पुलिस शशिकांत पांडेय व उनके जान पहचान वालों की भी जानकारी खंगाल रही है। जिस नंबर से फिरौती की मांग की गई थी। वह नंबर भी बंद हो गया है। शशिकांत का तखतपुर में भी मकान है। वे यहां साल 2012 से परिवार सहित रहते हैं। उनका 15 साल का बेटा हिमालया पांडेय रोज की तरह पाठकपारा में रहने वाले ट्यूशन टीचर अरविंद तिवारी के यहां पढ़ने गया था।
वह करीब 11 बजे घर से निकला, लेकिन दोपहर तक वहां नहीं पहुंचा था। इस पर ट्यूशन टीचर अरविंद ने हिमालया के नहीं आने की जानकारी उसके पिता शशिकांत को दी। इसके बाद से ही परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। तभी शशिकांत पांडेय के मोबाइल पर फिरौती का कॉल आया। कॉल करने वाले ने बच्चे को छोड़ने के लिए 10 लाख रुपए मांगे। इस पर घबराए शशिकांत ने इसकी सूचना थाने में दी। इसकी जानकारी वरिष्ठ अफसरों को भी दी गई। इसके बाद से SP दीपक झा ने सभी अधिकारियों के साथ ही साइबर सेल की टीम को जांच में लगा दिया है।