CG - शिक्षक पिता -पुत्र की मौत : सोते समय शिक्षक और उसके बेटे को जहरीले सांप ने डसा, दोनों की हुई दर्दनाक मौत, परिवार में छाया मातम.....
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के बरतीकला गांव से बड़ी खबर सामने आई है। रात में एक साथ सो रहे पिता-पुत्र को जहरीले करैत सांप ने काट लिया। उन्हें रात तीन बजे इलाज के लिए वाड्रफनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के बरतीकला गांव से बड़ी खबर सामने आई है। रात में एक साथ सो रहे पिता-पुत्र को जहरीले करैत सांप ने काट लिया। उन्हें रात तीन बजे इलाज के लिए वाड्रफनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, जनपद पंचायत वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत बरतीकला के आश्रित ग्राम केनापारा निवासी अजय तिर्की (35) अपने बेटे आरुष तिर्की (10) के साथ रात में खाना खाकर सो रहे थे। देर रात उन्हें किसी जीव द्वारा काटे जाने का एहसास हुआ तो उनकी नींद खुल गई। उन्होंने जब लाइट जलाकर देखा तो बिस्तर में करैत सांप मिला। जिसे उन्होंने मार दिया। करैत ने पिता-पुत्र दोनों को काट लिया था। रात करीब 3 बजे दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर में दाखिल किया गया। चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी। पहले पुत्र, फिर पिता की मौत हो गई।
दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। अजय तिर्की मूलतः जशपुर जिले के निवासी थे। बरतीकला में उनकी ससुराल है। अजय तिर्की वाड्रफनगर रजखेता के नेशनल पब्लिक स्कूल में शिक्षक थे। वहीं पुत्र आरूष कक्षा चौथी का छात्र था। उनकी पत्नी शासकीय स्कूल की शिक्षिका हैं। पिता-पुत्र की मौत से परिजन सदमे में हैं। दोनों के शवों को गृहग्राम जशपुर ले जाया गया, वहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Pratigya Rawat
