भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करें कार्यकर्ता : जैन




भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करें कार्यकर्ता : जैन
बम्हनी में हुई ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक
जगदलपुर : शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरनार की बैठक बम्हनी में हुई। आवासपारा में हुई बैठक मे विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए बूथ, जोन व सेक्टर पदाधिकारी इसमें मौजूद रहे। बैठक में आए ग्रामीण व पदाधिकारियों ने सर्वप्रथम अपनी राय रखी। जगदलपुर तथा चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस समन्वयक तथा पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि पंजा का निशान कांग्रेस की पहचान है और कार्यकर्ता इसकी शक्ति हैं।
उन्होने कहा कि अभी से कार्यकर्ता अपने बूथ व सेक्टर में लोगों से सम्पर्क साध कर कांग्रेस की न्याय नीतियों की जानकारी दें। कार्यकर्ता भाजपा के झूठे वायदों की पोल खोलें। भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करना समाज के लिए अत्यधिक जरूरी है। भाजपा की किसान, मजदूर, महिला, युवा आदि की विरोधी नीतियों की कलई खुल गई है। समाज का कोई भी वर्ग भाजपा से संतुष्ट नहीं है।
विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा ने झूठ का फरेब फैलाकर जो जीत दर्ज की है, उसकी हकीकत सामने आ रही है। जनता का बड़ा वर्ग यह महसूस कर रहा है कि भाजपा ने झूठ परोसकर छत्तीसगढ़ की सत्ता हथियाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झूठों का सरदार व जुमलेबाज कहा जाता है क्योंकि 2014 व 2019 में जनता को अच्छे दिन का सब्जबाग दिखाकर वे सत्ता पर काबिज हुए लेकिन समाज व जनता की भलाई का कोई काम नहीं किया।
22 बड़े पूंजीपतियों का 16 लाख रुपये का कर्ज तो एक झटके में माफ कर दिया लेकिन किसानों की एक पाई भी नहीं माफ की गई। एक ओर जहां भाजपा परिवार व समाज को तोड़ने की नीति पर चल रही है वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सामाजिक एकता की भावना के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले थे। परिवार में फूट डालने का भाजपा का हाल का उदाहरण झारखंड में देखा जा सकता है।
गांधी की न्याय यात्रा को समाज के सभी वर्गों के द्वारा हाथों- हाथ लेने की जानकारी दी। युवाओं की भागीदारी ने संकेत दे दिया है कि केंद्र से भाजपा की सत्ता जाने वाली है। भाजपा ने नौकरी मांगने वाले युवाओं को लाठियों के साथ सेना में अग्निवीर भर्ती की सौगात दी है।
जैन ने कहा कि हमें प्रत्याशी की बजाय कांग्रेस पार्टी की ओर देखना है। उन्होने कहा कि प्रत्याशी की घोषणा होने से स्थिति साफ होगी लेकिन सभी को यह सोचकर अभी से जुटना है कि वे कांग्रेस को जिताकर ही दम लेंगे।
कांग्रेस महिलाओं को सालाना देगी एक लाख रुपये
जैन ने एकत्रित कांग्रेसजनों को विस्तार से युवा, किसान, श्रमिक, आदिवासी, नारी आदि वर्गों के लिए कांग्रेस की गारंटियों की जानकारी दी। उन्होने बताया कि इन्हें कांग्रेस के घोषणापत्र में जारी किया जा रहा है। शीघ्र ही यह आपके पास होगा। इसके प्रमुख बिंदुओं का उल्लेख भी श्री जैन ने किया। पूर्व विधायक ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने पर गरीब वर्ग की प्रत्येक महिला को सालाना एक लाख रुपये देने का प्रावधान किया गया है।
एक माह में प्रत्येक महिला को आठ हजार 400 रुपये देने की घोषणा राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान की है। केंद्र सरकार के अधीन खाली पड़े 30 लाख पदों पर भर्ती, किसान कर्ज माफी, कृषक सामग्रियों व उपकरणों को जीसटी के दायरे से बाहर करने आदि की घोषणाएं भी की गई हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरनार के कार्यवाहक अध्यक्ष लैखन बघेल ने विस्तार से जानकारी देकर भाजपा के झूठ से बचने की सलाह दी और कांग्रेस पक्ष में माहौल बनाने प्रेरित किया।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बिरेन्द्र साहनी, बस्तर जिला सरपंच संघ अध्यक्ष व कार्यवाहक ब्लॉक अध्यक्ष लैखन बघेल, प्रकाश राव, धनुर्जय नाग, सूर्यनारायण राव, लक्ष्मीनारायण गुप्ता, माहरू राम, हरि नाग, संतोष सिंह, महेंद्र नागवंशी, राजेन्द्र बघेल, कोमलसाय बघेल, सोनाधर निषाद, शंकर, एस तेजेश्वर राव, बसंत मुरला, देवा, रामधर, प्रफुल्ल, देवी सिंह, रूपनाथ, भोजराज, शोभा सिंह, दयमती नेताम, ललिता नेताम, कनक कश्यप, पदमा, फूलचना, सावित्री, ज्योति, सोमारी, बसंती, बुधाय, सेजमनी, सुकदेई, दयाबती, रायमती, फूलो, बुरंदी आदि विभिन्न बूथ, सेक्टर व जोन के पदाधिकारी समेत अन्य मौजूद रहे।