ब्रेकिंग- बिलासपुर में बड़ा सड़क हादसा.... दो बसें पलटी.... एक की मौत.... 14 घायल.... जांच में जुटी पुलिस.....




...
डेस्क। हिमाचल प्रदेश के चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर बिलासपुर जिला के स्वारघाट के गरामौडा के नजदीक आज यानी रविवार सुबह पर्यटकों की दो बसें पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में एक पर्यटक की मौत होने की खबर हैं। 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जबकि हिमाचल-पंजाब बॉर्डर पर हुए इस हादसे की सूचना के बाद स्वारघाट पुलिस मौके पर पहुंची है और घायलों को नालागढ़ अस्पताल इलाज के लिए पहुंचाया गया है। इन बसों में सवार टूरिस्ट कुल्लू मनाली में नया साल मना कर वापस आ रहे थे। इसमें से एक टूरिस्ट बस पंजाब नंबर की है, तो दूसरी पर दिल्ली का नंबर है। यह दोनों बसें मनाली से वापस आ रही थीं।
इस बीच गरामौडा के पास दोनों बसों के अनियंत्रित होने से यह हादसा हो गया। वहीं, हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गयी। पंजाब नंबर (PB01A 9912) वाली बस में 45 सवारियों बैठी हुई थीं। यह बस मनाली से अमृतसर जा रही थी, उसी वक्त यह स्वारघाट के नजदीक गरामौडा पहुंची तो अचानक नियंत्रण खोने से सड़क पर पलट गई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना के बाद स्वारघाट थाना पुलिस प्रभारी बलबीर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य चलाया गया।
उपमंडल प्रशासन स्वारघाट के एसडीएम राजकुमार व एसपी बिलासपुर साजू राम राणा भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पंजाब नंबर की बस पलटने के बाद एक 20 से 25 साल की लड़की सड़क किनारे अपने मोबाइल फोन पर बात कर रही थी। इसी समय पीछे से तेज गति से आ रही एक अन्य टूरिस्ट बस नंबर DL1PD 0404 भी नियंत्रण खोने से सड़क के एक तरफ लुढ़क कर हवा में लटक गई।
इस बस की चपेट में फोन पर बात कर रही लड़की आ गई है। जबकि लड़की की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं, घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से नजदीक के अस्पताल एफआरयू नालागढ और पंजाब के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हालांकि दिल्ली नंबर की बस की सवारियों में से किसी ज्यादा चोट नहीं आयी है। यह बस भी मनाली से वापस दिल्ली लौट रही थी।