Haridwar News: व्यापारियों ने निकाला जुलूस, निगम के खिलाफ नारेबाजी.
Haridwar News: Traders took out a procession,




NBL, 10/12/2022, Haridwar News: Traders took out a procession, shouting slogans against the corporation.
नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (नासवी) के आह्वान पर शुक्रवार को लघु व्यापार एसोसिएशन से जुड़े व्यापारियों ने लंबित मांगों के समर्थन में जुलूस निकाला। जुलूस देवपुरा से नगर निगम कार्यालय पहुंचा और नारेबाजी की।
एसोसिएशन ने मांगों को लेकर मुख्य नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में व्यापारी दोपहर 12 बजे देवपुरा स्थित गोविंद बल्लभ पार्क में एकत्र हुए। पार्क से जुलूस की शक्ल में नगर निगम स्थित मुख्य नगर आयुक्त के कार्यालय पहुंचे। व्यापारियों ने लघु व्यापारियों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन पूर्व में चिह्नित 15 वेंडिंग जोन में बोर्ड लगाए। जब तक वेंडिंग जोन विकसित नहीं होते वहां व्यापार करने वाले व्यापारियों को नहीं हटाया जाए।
व्यापारियों ने कहा कि भगत सिंह चौक से सेक्टर-2 बैरियर और पुल जटवाड़ा के वेंडिंग जोन को तत्काल शुरू कराया जाए। वर्ष 2012 में नगर निगम प्रशासन ने निगम क्षेत्र में अभियान चलाकर रेहड़ी पटरी के लघु व्यापारियों को वेंडिंग जोन में व्यवस्थित करने की योजना बनाई थी। आज तक वेंडिंग जोन स्थापित नहीं हुए हैं। मुख्य नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र को 4 सेक्टर (उत्तरी हरिद्वार, मध्य हरिद्वार, ज्वालापुर, कनखल) में बांटा गया है। उन्होंने कहा कि फुटकर फल एवं सब्जी व्यापारियों को प्रथम चरण में इन इलाकों में विस्थापित किया जाएगा। चयनित वेंडिंग जोन में रेहड़ी पटरी के लघु व्यापारियों के सर्वे के अनुसार व्यवस्थित करने की कार्रवाई चल रही है।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों का सत्यापन कर रहे हैं। सत्यापन रिपोर्ट आते ही फेरी समिति की बैठक कर नगरीय फेरी नीति नियमवाली के अनुसार उचित प्रबंधन किए जाएंगे। इस दौरान एसोसिएशन जिलाध्यक्ष राजेंद्र पाल, प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार मंडल, दिलीप कुमार गुप्ता, विकास सक्सेना, पूनम मक्खन, जय भगवान, विजेंद्र सिंह, चुन्नू चौधरी, प्रदुम्न सिंह समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।