भीषण सड़क हादसा ब्रेकिंग : 14 की मौत ,गाय को बचाने की कोशिश में टूरिस्ट बस ट्रक की आमने सामने से भिड़ंत…..14 यात्रियों की मौके पर ही मौत, 30 घायल , देखिए हादसे की तस्वीरें….




लखनऊ,7अक्टूबर 2021। बाराबंकी में तड़के क़रीब पाँच बजे डबलडेकर बस और ट्रक की आमने सामने की भिड़ंत में 14 लोगों की मौत की ख़बर है, हालाँकि कुछ मीडिया रिपोर्ट इसकी संख्या नौ बता रहे हैं, पर इन्हीं मीडिया रिपोर्ट में लिखा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हमारे सूत्रों के अनुसार हादसे में तेरह की मौत हुई है जबकि 25 की हालत नाज़ुक है।सभी घायलों को अस्पताल शिफ्ट कराया गया है। बस दिल्ली से बहराइच जा रही थी। इसमें 60-70 यात्री थे। हादसा देवा इलाके में बबुरी गांव के पास तड़के 5 बजे के करीब हुआ। प्रशासन ने घायलों की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम नंबर- 9454417464 जारी किया है।
सीमएओ राम सिंह ने बताया कि हादसे में 12 पुरुष, एक महिला और एक बच्चे की जान गई है। पुलिस ने बताया कि बस की स्पीड तेज थी और सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने में ट्रक और बस की टक्कर हुई है। हालांकि, एक घायल महिला यात्री ने आरोप लगाया कि बस वाले शराब के नशे में थे। उसका इशारा ड्राइवर और कंडक्टर की तरफ था।
JCB की मदद से बस और ट्रक को अलग किया
बाराबंकी SP यमुना प्रसाद ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। ट्रक में बालू लदी थी। मौके पर JCB बुलाई गई। इसकी मदद से बस और ट्रक को अलग किया गया। कई शव और यात्री बुरी तरह से फंस गए थे। 14 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गैस कटर से गाड़ियों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
घायल महिला बोली- बस वालों ने पी रखी थी शराब
बस में सवार महिला यात्री शारदा भी हादसे में जख्मी हुई हैं। उन्होंने बताया कि बस वाले (ड्राइवर और कंडक्टर) शराब पी रहे थे। उन लोगों ने दूसरों को शराब पीने से मना कर दिया था, लेकिन खुद चोरी से पी ली थी। सुबह अचानक हादसा हो गया।
मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की मदद
हादसे पर PM मोदी ने भी शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने राहत कोष से हर एक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाने का ऐलान किया है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है। जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने भी जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने मृतकों के परिजन को दो-दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लगी हुई है। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है।
आमने-सामने हुई भिड़त में बस और ट्रक चकनाचूर हो गए।
JCB मंगाकर ट्रक और बस को अलग कराया गया।
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान की जा रही है।
हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा आधा अलग होकर बिखर गया।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को रोड से हटाया गया है।