कृषि मंत्री ने किये साजा क्षेत्र के चोरभट्टी में भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना पंजीयन कार्य का शुभारंभ




संजूजैन:7000885784
बेमेतरा :कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने साजा विकासखण्ड के ग्राम चोरभट्ठी मे राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के पंजीयन कार्य का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की पहल पर प्रदेश मे ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूरांे को सालाना 6 हजार रुपये की आर्थिक अनुदान सहायता राशि प्रदान की जायेगी।
योजना के तहत पंजीयन कार्य 01 सितम्बर से 30 नवम्बर तक जारी रहेगा।
ग्राम पंचायत कार्यालय मे पंचायत सचिव के पास पंजीयन प्रपत्र जमा होंगे। कृषिमंत्री ने कहा कि इस योजना से पौनी पसारी व्यवस्था से जुड़े लोगों को फायदा होगा।
कलेक्टर श्री भोसकर ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों के अंतर्गत चरवाहा, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी, पुरोहित जैसे पौनी पसारी व्यवस्था से जुड़े परिवार, वनोपज संग्राहक भी पात्र होंगे यदि उस परिवार के पास कृषि भूमि नहीं है। भूमिहीन कृषि मजदूर परिवार से आशय उसकी पत्नी या पति, संतान तथा उन पर आश्रित माता-पिता से है, जिसका कोई भी सदस्य कृषि भूमि धारण नहीं करता है। कृषि भूमि धारण नहीं करने का आशय अंशमात्र भी कृषि भूमि नहीं होना चाहिए।
कृषि भूमिहीन परिवारों की सूची में से परिवार के मुखिया के माता या पिता के नाम से यदि कृषि भूमि है अर्थात उस परिवार को उत्तराधिकार हक में भूमि प्राप्त करने की स्थिति होगी, तब वह पात्र परिवार की सूची से पृथक हो जायेगा। आवासीय प्रयोजन हेतु धारित भूमि कृषि भूमि नहीं मानी जायेगी। मजदूर परिवारों को राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।
इस मौके पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बेमेतरा श्रीमती रीता यादव, के अलावा पुरे ग्रामीणजन उपस्थित थे।