कुएं में गिरे तेंदुआ और जंगली सुअर, VIDEO: शिकार का पीछा करना तेंदुआ को पड़ा भारी,सुअर के साथ कुएं में गिरा तेंदुआ,फिर जो हुआ,देखे वीडियो…
शिकार का पीछा करना तेंदुआ को पड़ा भारी,सुअर के साथ कुएं में गिरा तेंदुआ,फिर जो हुआ,देखे वीडियो…




खरगोन : जिले के कसरावद में जंगली सुअर और तेंदुआ कुएं में गिर गए। तेंदुआ शिकार करने के लिए जंगली सुअर का पीछा कर रहा था। जंगली सुअर भागते-भागते कुएं में जा गिरा। उसके पीछे भाग रहे तेंदुए ने भी कुएं में छलांग लगा दी। डूबने से बचने के लिए तेंदुआ मोटर पंप के लोहे के एंगल पर बैठ गया। सुअर ने भी तैरकर तेंदुए से दूर दूसरी तरफ जाकर जान बचाई।
घटना कसरावद से दो किलोमीटर दूर नावडाटौडी मार्ग के फिल्टर प्लांट के ठीक पीछे स्थित खेत की है। जहां कपास की फसल में कीटनाशक छिड़काव के लिए मंगलवार सुबह 8 बजे किसान सुरेश पाटीदार पहुंचा। कुएं से आवाज आई तो उसने झांककर देखा।
जंगली सुअर और तेंदुए को कुएं में देखकर सुरेश ने ग्रामीणों और वन विभाग को सूचना दी। करीब 10 बजे वन विभाग का अमला और थैंक यू नेचर वेलफेयर सोसाइटी की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पहले जंगली सुअर को कुएं से निकाला गया। इसके बाद करीब डेढ़ बजे तेंदुए को भी कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
खरगोन डीएफओ (डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर) प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि रात में शिकार के पीछे दौड़ते हुए तेंदुआ कुएं में गिर गया था। सुबह करीब 10:30 बजे सुअर को कुएं से बाहर निकाल लिया गया था। तेंदुए के रेस्क्यू के लिए मजबूत जाल, रस्से और पिंजरे की जरूरत होती है। टीम द्वारा ये सामान लाने के बाद ही तेंदुए का रेस्क्यू शुरू किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग के पास पर्याप्त संसाधन नहीं होने के कारण तेंदुए के रेस्क्यू में देरी हुई। उन्होंने कहा कि सरकारी लापरवाही और अनदेखी के चलते क्षेत्र में तेंदुओं का कुनबा बढ़ता जा रहा है। रात में खेतों में किसानों को तेंदुए दिखाई दे रहे हैं। कई बार इसकी जानकारी वन विभाग को दी गई, लेकिन पिंजरे लगाने की बात कहकर हर बार टाल दिया जाता है।