CG ब्रेकिंग :- कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार पर लगाया जानबूझकर यूरिया-DAP नहीं देने का आरोप, मंत्री चौबे बोले - यह नेशनल क्राइम….पढ़िये क्या कुछ कहा…..




डेस्क :-
छत्तीसगढ़ में यूरिया-DAP की किल्लत राज्य और केंद्र सरकार के बीच नए विवाद की वजह बनने जा रही है। छत्तीसगढ़ के कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविंद्र चौबे ने रविवार को केंद्र सरकार पर जानबूझकर प्रदेश को खाद नहीं देने के आरोप लगाए। चौबे ने कहा, ‘यह नेशनल क्राइम है।'
कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में रविंद्र चौबे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मानसून का सीजन खेती के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। खरीफ की बोनी शुरू हो चुकी है। हमारे यहां खरीफ का रकबा बढ़ता जा रहा है। हमने केंद्र सरकार से यूरिया, पोटाश, फास्फेट इस प्रकार से 12 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की मांग की थी। केंद्र ने इसका अनुमोदन भी किया। इसके बाद भी छत्तीसगढ़ को आवंटित खाद नहीं मिल रही है।
रविंद्र चौबे ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों को पर्याप्त मात्रा में खाद दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश काे पर्याप्त मात्रा में खाद भेजा जा रहा है, लेकिन कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार कम खाद दे रही है। खाद आपूर्ति में छत्तीसगढ़ के साथ भेदभाव के आरोप लगाते हुए कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हित में निर्णय नहीं ले रही है, यह नेशनल क्राइम है।
‘छत्तीसगढ़ के किसानों की संपन्नता नहीं देख पा रही भाजपा’
कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ के किसानों की संपन्नता नहीं देखी जा रही है। आखिर भाजपा छत्तीसगढ़ के किसानों को अपना दुश्मन क्यों मान रही है? रविंद्र चौबे ने कहा कि भाजपा की डी पुरंदेश्वरी, शिवप्रसाद, दुष्यंत कुमार सभी यहां आए लेकिन किसी ने किसानों की बात नहीं की।
इन्हें केवल कुर्सी का मोह है। महामारी के बीच सुप्रीम कोर्ट ने पीएम मोदी के लिए कहा था, ‘आप शुतुरमुर्ग बनकर नहीं रह सकते।’ किसानों के मामले में यही टिप्पणी उनके लिए फिट बैठती है।