CG- कांग्रेस भवन में कार्यकर्ता की मौत: मंत्री की सभा के दौरान हादसा.... मंत्री ले रहे थे कार्यकर्ताओं की बैठक.... कांग्रेस भवन में गड्ढे में गिरकर पार्टी कार्यकर्ता की मौत.....




....
कोरिया 17 दिसंबर 2021। कांग्रेस कार्यालय में लिफ्ट बनाने छोड़ी जगह में गिरकर एक युवक की मौत हो गई। जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन कोरिया में पार्टी कार्यकर्ता की मौत हो गई। कार्यकर्ता यहां लिफ्ट बनाने के लिए छोड़ी जगह में गिर गया। दुर्घटना के समय नगरीय प्रशासन मंत्री शिव कुमार डहरिया, कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे थे। अचानक गिरने की आवाज आने पर कार्यकर्ता दौड़कर वहां पहुंचे और देखा कि कार्यकर्ता गिरकर तड़प रहा है।
उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। नगरीय निकाय चुनाव-2021 को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री डा शिव कुमार डहरिया बैकुंठपुर पहुंचे हैं। घड़ी चौक पर आमसभा में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगे। आमसभा खत्म होने के बाद वे राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। यहां कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की बैठक चल रही थी।
रामपुर कालोनी निवासी नजीर अहमद 44 वर्ष लिफ्ट बनाने के लिए छोड़ी गई जगह के पास बैठा था। वह अचानक असंतुलित हुआ और सिर के बल प्रथम मंजिल से नीचे ग्राउंड फ्लोर पर गिर गया। आनन-फानन में कुछ कार्यकर्ता गंभीर हालत में युवक को लेकर जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज करते समय घायल युवक की मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष नजीर अजहर अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। मामले की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे हैं। भाजपा नेताओं ने हादसे को लेकर नाराजगी जताते हुए कांग्रेस के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कराने की मांग लेकर कोतवाली थाना पहुंच गए हैं। भाजपाईयों ने मृतक के स्वजनों को मुआवजा दिलाने मांग रखी है। मामले के बाद कोरिया पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। युवक की मौत के बाद जिला कांग्रेस भवन में हंगामा मच गया।