प्लाटून नं 04 की दो लाख इनामी महिला नक्सली ने किया आत्मसमर्पण..12 वर्षों से नक्सल संगठन में थी सक्रिय




सुकमा. सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्लाटून नं 04 की महिला नक्सली पोडियम सोमड़ी ने बिना हथियार के एसपी सुकमा सुनील शर्मा व एएसपी किरण चव्हाण के समक्ष आत्मसमर्पण किया। पोडियम सोमड़ी विगत कई वर्षों से कोन्टा एरिया कमेटी में मेडिकल टीम सदस्या व प्लाटून नं 04 की सदस्या के रूप में सक्रिय रही। इस दौरान वह मिनपा व बुरकापाल जैसे बड़ी घटनाओं में भी शामिल रही जहां बड़ी संख्या में जवान शहीद हुए थे।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार सोमड़ी 12 वर्षों से नक्सल संगठन में सक्रिय रही। इस दौरान वह कोन्टा एरिया कमेटी में मेडिकल टीम सदस्या व प्लाटून नं 04 की सदस्या रही। वह 2010 से 2014 तक सीएनएम सदस्य, 2015 से अब तक कोन्टा एरिया कमेटी में मेडिकल टीम सदस्या व प्लाटून नं 04 की सदस्या रही। जो कि 12 बोर हथियार अपने साथ रखती थी। वहीं आत्मसमर्पण करने के दौरान वह बिना किसी हथियार के पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण की। सोमड़ी पिड़मेल, भेज्जी-कोत्ताचेरु, मिनपा व बुरकापाल जैसे बड़ी घटनाओं में भी शामिल रही जहां बड़ी संख्या में जवान शहीद हुए थे।
एसपी सुनील शर्मा ने कहा कि नक्सलियों की विकास विरोधी विचार धाराओं को समझ कर सोमड़ी ने आज पुलिस के समक्ष समर्पण किया है। इन्हें शासन की योजनाओं जैसे आवास व रोजगार का लाभ दिया जाएगा। टेकलगुड़ा की घटना से संबंधित जानकारी इनके पास है कल एनआइए की टीम इनसे पूछताछ कर मामले की बारीकी से जानकारी लेगी।