ठंड अलर्ट: राजधानी में 3.4 डिग्री पहुंचा पारा.... अगले दो दिन इन राज्यों में पड़ेगी कड़ाके की ठंड.... वहीं CG में सीजन की पहली शीतलहर.... रात का तापमान अचानक नीचे गिरा.... यहां 4 डिग्री तक लुढ़का पारा... जानें कहां कैसा रहेगा हाल......




....
रायपुर। प्रदेश के पश्चिम-उत्तर क्षेत्रों में मौसम की पहली शीतलहर दर्ज की गई। सरगुजा संभाग के जिलों और पेंड्रा रोड में रात का तापमान अचानक काफी नीचे गिर गया है। वहीं कोरिया में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह इस मौसम का सबसे कम तापमान है। कोरिया कृषि विज्ञान केंद्र में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं पेंड्रा रोड में यह 6 डिग्री सेल्सियस रहा। पेंड्रा का न्यूनतम तापमान एक दिन पहले के तापमान से 6.6 डिग्री और वहां के सामान्य तापमान से 5 डिग्री कम है। अंबिकापुर में भी न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा है।
यह एक दिन पहले के तापमान से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम है। किसी भी स्थान में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच जाए और एक दिन पहले के न्यूनतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक गिरावट हो तो शीतलहर की स्थिति बनती है। अम्बिकापुर, कोरिया, पेण्ड्रा रोड की स्थिति में शीतलहर शुरू हो चुकी है। अमरकंटक में भी रात अचानक से ठंडी हो गई है। शनिवार-रविवार को यहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। अमरकंटक से लगे छत्तीसगढ़ के कई गांवों में ओस की बूंदें जम गई हैं। रात को लोगों ने रोज की तुलना में अधिक सर्दी महसूस की है।
देश के कई राज्यों में पड़ रही कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। भारत के उत्तरी और पश्चिमी राज्यों में शीत लहर का कहर 21 दिसंबर तक जारी रहेगा। इनमें पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी यूपी व उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ इलाके शामिल हैं। भारतीय मौसम विज्ञान के साइंटिस्ट ने यह जानकारी दी है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में लोधी रोड पर रविवार को सबसे कम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देश के उत्तर-पश्चिमी राज्यों में अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड जारी रहेगी और उसके बाद ही राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में अगले 2 दिनों तक घना कोहरा छाया रहेगा और पंजाब व हरियाणा में भी 23 और 24 दिसंबर तक कड़ाके की ठंड के साथ-साथ कोहरा भी रहेगा। आईएमडी ने अनुमान जताया है कि पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी व पश्चिमी मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा। इसके अलावा पहाड़ी क्षेत्रों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बालटिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। देश के मैदारी भागों में सबसे कम तापमान राजस्थान के चुरु में माइनस 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। जबकि सीकर में (-2.5) और अमृतसर में (-0.5) डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है।