CG- कांग्रेस नेता के घर दिनदहाड़े डकैती: कांग्रेस जिला सचिव के घर हथियार लेकर घुसे हेलमेट लगाए बदमाश.... महिलाओं और बच्चों को बंधक बनाकर कट्टे की नोक पर डकैती.... लाखों रूपए और ज्वेलरी ले गए डकैत....




...
बिलासपुर 13 जनवरी 2022। कांग्रेस नेता के घर दिनदहाड़े डकैती हुई। कांग्रेस नेता के घर घुसे नकाबपोश डकैतों ने महिलाओं को बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया है। डकैतों ने घर की महिलाओं को बंदूक दिखाकर धमकाया। अलमारी से सोने-चांदी के गहने और नगदी लूटकर फरार हो गए। घटना मस्तूरी क्षेत्र के दर्रीघाट की है। हथियार लेकर घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने महिलाओं को बंदूक दिखाकर बंधक बना लिया और अलमारी तोड़कर उसमें से गहने-नकदी लेकर भाग निकले। लूटी गई रकम में ढाई लाख कैश और 5 लाख के गहने बताए जा रहे हैं। दर्रीघाट निवासी टाकेश्वर पाटले कांग्रेस के जिला सचिव हैं।
घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। घटना के समय टाकेश्वर घर में नहीं थे। उसी समय 8-9 की संख्या में हेलमेट व मास्क लगाए बदमाश पहुंचे और बंदूक दिखाकर महिलाओं को धमकाने लगे। डकैतों ने महिलाओं से अलमारी की चाबी मांगी, लेकिन उन्होंने नहीं बताया। इस पर डकैतों ने सब्बल से अलमारी तोड़ दी और उसमें रखे गहने और नगदी लेकर भाग गए। उनके जाने के बाद वारदात की सूचना टाकेश्वर को दी गई। पुलिस ने आसपास लगे CCTV फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है।
जांच के दौरान दर्रीघाट के पंजाब एंड सिंध बैंक में लगे CCTV कैमरे में तीन बाइक पर सवार 7 संदेही युवक फुटेज में दिखाई दे रहे हैं। इसी आधार पर पुलिस डकैती की घटना को अंजाम देने वाले युवकों की तलाश कर रही है। इसके साथ ही साइबर सेल की टीम भी तकनीकी साक्ष्य जुटाकर जांच में जुटी हुई है। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि कांग्रेस नेता ताकेश्वर पाटले जमीन कारोबारी भी हैं। उससे पूछताछ के आधार पर शक है कि आपसी विवाद और लेनदेन के चलते वारदात को अंजाम दिया गया होगा। लिहाजा, पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है।