निगम में कांग्रेसी कुशासन चरम पर,तार-तार हो रही राजनैतिक मर्यादा - आलोक अवस्थी




निगम में कांग्रेसी कुशासन चरम पर,तार-तार हो रही राजनैतिक मर्यादा - आलोक अवस्थी
बहुमत का बेजा उपयोग कर रही कांग्रेस,बजट सभा निगम का काला दिवस
कांग्रेस की कुटिल राजनीति का जवाब देने संकल्पित हैं भाजपा पार्षद
जगदलपुर | कांग्रेस शासित नगर पालिक निगम में कांग्रेसी कुशासन चरम पर है | निर्वाचित भाजपा पार्षदों को सत्तासीन कांग्रेस द्वारा बहुमत की दादागिरी दिखाते हुये सामान्य सभा की बैठक में सदन में बोलने तक से रोकने षडयंत्र रचे जा रहे हैं | जनसमस्याओं को लेकर एक शब्द सुनने को अहंकारी कांग्रेसी तैयार नहीं है | यह दुष्टता पूर्ण राजनीति की पराकाष्ठा है |
भारतीय जनता पार्टी के पार्षद आलोक अवस्थी ने कहा कि गुरूवार को आहूत निगम की सामान्य सभा की बैठक में कांग्रेसियों द्वारा बहुमत का बेजा उपयोग करने के काले कारनामे की गवाह शहर की समूची जनता है | निगम के इतिहास में यह दिन काला दिवस के रूप में याद किया जायेगा |
भाजपा पार्षद आलोक अवस्थी ने कहा कि महापौर निगम का नवीन बजट सदन में बिना विपक्ष की मौजूदगी में पेश करती हैं और बिना चर्चा के बजट बहुमत के बल पर सदन में पारित कर दिया जाता है | ऐसे ही एजेण्डे के 12 से अधिक विषय भी एक साथ बिना विषय के एक शब्द पढे़ सदन पटल में बहुमत की दादागिरी से पास हो जाते हैं | कांग्रेस यह कैसा राजनीतिक आचरण प्रस्तुत कर रही है, जिसमें राजनीतिक सुचिता का कोई स्थान नहीं है | राजनैतिक मर्यादायें जानबूझकर तार-तार की जा रही है | वैसे इसमें आश्चर्य भी नहीं करना चाहिए क्योंकि यही कांग्रेस का वास्तविक चरित्र है |
भाजपा पार्षद आलोक अवस्थी ने कहा कि सत्ता का अहंकार कांग्रेस के सिर चढ़ कर बोल रहा है, जिसमें जनता और विपक्ष की आवाज़ को अनसुना किया जा रहा है | निगम में काबिज कांग्रेस की इस तरह की ओछी राजनीति शोभायमान नहीं है |
विपक्षी भाजपा पार्षद और भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता कांग्रेस की कुटिल राजनीति का जवाब देने संकल्पित है | जनता जनार्दन है और सब देख रही है, जो समय आने पर अहंकार के पहाड़ पर बैठी कांग्रेस को पटखनी देकर धरातल की धूल का स्वाद चखायेगी |