कांग्रेस सरकार किसान सम्मान निधि की राशि वापस करने किसानों को भेज रही नोटिस, भाजपा किसानों के साथ - रूप सिंह मण्डावी




कांग्रेस सरकार किसान सम्मान निधि की राशि वापस करने किसानों को भेज रही नोटिस, भाजपा किसानों के साथ - रूप सिंह मण्डावी
किसानों को किया जा रहा परेशान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वपूर्ण योजना को बदनाम करने की साजिश
नोटिस मिलने से घबरायें नहीं किसान,भाजपा जिला अध्यक्ष ने कलेक्टर से की बात, मामले की गंभीरता से हो जांच
जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी ने कहा है कि कांग्रेस सरकार छत्तीसगढ़ के किसानों को किसान सम्मान निधि वापस करने का नोटिस भेज रही है। जिससे भोलेभाले किसान परेशान हो रहे हैं। शासन प्रशासन सही तरीके से कार्य नहीं पा रहा है और उनकी गलतियों को किसानों के ऊपर डाला जा रहा है, जो पूर्णतः गलत है। श्री मण्डावी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने लगभग सभी किसानों को सम्मान निधि वापस करने नोटिस भेजा है, जिसमें अपात्रता का कारण तक नहीं बताया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसानों के हित की महत्वपूर्ण योजना को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। कांग्रेस सरकार का यह कृत्य शर्मनाक है।
भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मण्डावी ने कहा कि पात्र अपात्र का चयन करना शासन प्रशासन का काम है, जो उन्होंने सही ढंग से नहीं किया है। जिन किसानों को सम्मान निधि नहीं मिली है,उन्हें भी राशि वापस करने नोटिस दिया गया है। जिससे प्रदेश के किसानों के किसान सम्मान निधि में भी गड़बड़ी होने की आशंका गहरा गयी है। राज्य सरकार की गलती का खामियाजा किसानों पर डाला जा रहा है। खुद को किसानों का सबसे बड़ा हितैषी बताने वाली कांग्रेस सरकार किसानों से छल कर रही है और नोटिस भेज रही है।
मण्डावी ने कहा कि बस्तर के किसान नोटिस से बिलकुल न घबरायें, निडरता से संबंधित अधिकारी से मिले और नोटिस भेजने का कारण जाने। भारतीय जनता पार्टी किसानों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दास्त नही करेगी और सदैव किसानों के साथ खडी़ है। भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी ने इस विषय पर कलेक्टर से भी बात की और इस मामले की गंभीरता से जांच करने कहा है, जिससे किसानों के समक्ष उत्पन्न की गयी परेशानी समाप्त हो।