केंद्रीय मंत्री का CG दौरा आज: नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का छत्तीसगढ़ प्रवास आज.... भाजपा ने राहुल को दिखाए थे काले झंडे.... अब कांग्रेस BJP के केंद्रीय नेताओं का करेगी विरोध.... सिंधिया से शुरुआत.... बजट समझाने रायपुर आ रहे हैं सिंधिया.... देखें मिनट टू मिनट शेड्यूल....




...
रायपुर। नागरिक उड्डयन केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया छत्तीसगढ़ प्रवास पर आज आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ में विरोध के तौर-तरीकों से राजनीतिक टकराव की नई जमीन तैयार हो गई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया था। जवाब में कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि अब भाजपा के हर केंद्रीय नेता का छत्तीसगढ़ में इससे तीखा विरोध किया जाएगा। शनिवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रायपुर आ रहे हैंं। ऐसे में इस विरोध की शुरुआत भी उन्हीं से होगी।
नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का छत्तीसगढ़ प्रवास आज
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी नलिनीश ठोकने ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया अपने एक दिवसवीय प्रवास पर शनिवार 5 फरवरी को प्रातः 11 बजे राजधानी रायपुर विमानतल पहुंचेंगे और सड़क मार्ग से भाजपा प्रदेश कार्यालय 11:20 को पहुंचेंगे, दोपहर 12:00 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी नलिनीश ठोकने ने बताया कि होटल बेबीलान इन जेल रोड में दोपहर 2:15 बजे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया केंद्रीय बजट 2022 संगोष्ठी कार्यक्रम में शामिल होंगे। केंद्रीय नागरिक उड्डयन केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया के छत्तीसगढ़ प्रवास कार्यक्रम का प्रभारी भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी को बनाया गया हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया शाम 5:00 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर से दिल्ली प्रस्थान करेंगे।
कांग्रेस BJP के केंद्रीय नेताओं का करेगी विरोध
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने कहा, भारतीय जनता पार्टी ने एक गलत परंपरा की शुरुआत की है। राष्ट्रीय नेताओं को काला झंडा दिखाने और विरोध करने की शुरुआत भाजपा ने की है, लेकिन इसका समापन कांग्रेस पार्टी करेगी। विकास ने कहा, हम और हमारे अग्रिम संगठन अब से भाजपा का जो भी नेता छत्तीसगढ़ आएगा उसका विरोध करेंगे। उनको काले झंडे दिखाए जाएंगे। उनके कार्यक्रम में जाकर हम काले झंडे दिखाएंगे। भाजपा का एक केंद्रीय नेता यहां आ रहा है। उनके विरोध से इसकी शुरुआत होगी। हम उनका विरोध करने वाले हैं।