मुख्यमंत्री ने शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से किया सीधा संवाद शासन की योजनाएं जमीनी स्तर पर ग्रामीणों के जीवन में ला रहा बदलाव:- मुख्यमंत्री




*सुकमा 21 जून 2021/* मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय से सुकमा जिले वासियों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने शासन की जनहितकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद भी किया। शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना से लाभान्वित श्री जगन्नाथ ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें गोबर बेच कर 92 हजार रुपए का आर्थिक लाभ हुआ। जिससे उन्होंने अपने घर की मरम्मत करवाई और अपनी धर्मपत्नी को उपहार स्वरूप सोने की माला दी। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस बात पर हितग्राही जगन्नाथ को बधाई दी और कहा कि जमीनी स्तर पर शासन की योजनाओं से ग्रामीणों को लाभ हो रहा है, जिससे यह सिद्ध होता है कि शासन की नीतियां और योजनाएं ग्रामीणों के जीवन में बदलाव लाने में सफल रहा है।
*मुख्यमंत्री ने की बीसी सखियों की प्रशंसा*
सुकमा जिले की बैंक सखी श्री मोनिका कश्यप ने सहर्ष मुख्यमंत्री को बताया कि सुकमा जिले में अब तक बीसी सखियों द्वारा 11 हजार 900 ट्रांजेक्शन कर कुल 3 करोड़ 17 लाख से अधिक राशि का भुगतान ग्रामीणों को किया गया है। मोनिका ने बताया कि बीसी सखियों द्वारा पेंशन भुगतान, मनरेगा इत्यादि योजनाओं का भुगतान जिले के सुदूर एवं अन्दरूनी क्षेत्रों में किया जाता है, जिससे ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी साफ झलकती है। उन्हें शासन के साथ जुड़कर लोगों के जीवन में खुशियां लाने में गर्व महसूस होता है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर मोनिका को शाबासी देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
*स्व-सहायता समूह की महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल*
ग्राम रामाराम गोठान की विकास स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती सोमारी यादव ने बताया कि उनके समूह की महिलाएं गोठान में मल्टी एक्टीविटी के तहत् सब्जी उत्पादन का कार्य करती हैं। जिससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है और स्थानीय परिवारों को ताजी हरी और पोष्टिक सब्जियां बड़ी आसानी से उपलब्ध हो जाती है। समूह की महिलाओं ने अब तक 45 हजार 700 रुपए का सब्जियों का विक्रय स्थानीय बाजारों में किया है। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई दी और अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए वृक्षारोपण करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इसी प्रकार ग्राम केरलापाल की मां जगदम्बा स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति मरकाम ने व्यक्तिमूल योजनाओं से हुए लाभ के बारे में बताया। पशुधन विकास विभाग द्वारा उनके समूह की महिलाओं को बैकयार्ड कुकुट एवं बकरी पालन योजना के तहत् मुर्गीयां एवं बकरी प्रदाय की गई, जिससे आज वे आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि समूह की महिलाओं के जीवन में इस योजना से जुड़कर बदलाव आया है। भविष्य में वे इसे व्यवसाय के रूप में अपनाकर अतिरिक्त आय का साधन सृजित करेंगे।
*सौर ऊर्जा चलित पम्प से जगरगुण्डा के कृषक भीमराज समरथ ने बढ़ाई अपनी आमदनी*
जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी अब कृषक आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग कर फसलों की बेहतर पैदावार कर रहे हैं। अज वर्चअल कार्यक्रम के दौरान जगरगुण्डा के कृषक श्री भीमराज समरथ ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को सौर ऊर्जा चलित पम्प प्रदाय करने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि क्रेडा विभाग द्वारा सौर सुजला योजनान्तर्गत उन्हें सोलर पैनल एवं पम्प प्रदाय किया गया, जिससे वे अपनी 30 एकड़ कृषि भूमि को सिंचित करने में सहायता हो रही है। पूर्व में वे मानसून पर निर्भर रहकर केवल रबी की फसल लेते थे अब सौर ऊर्जा की मदद से वे अपने भूमि पर दो फसल लेने में सक्षम हो गए हैं। जिससे उन्हें आर्थिक उन्नति का लाभ मिला है। श्री समरथ ने मुख्यमंत्री श्री बघेल एवं छत्तीसगढ़ शासन का आभार जताते हुए सुकमा जैसे दुर्गम क्षेत्र में भी कृषकों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया।