रामाराम गौठान में रोपे गए फलदार पौधे...सलाना 10 लाख तक की आय अर्जित कर सकेगी समूह की महिलाएं...

रामाराम गौठान में रोपे गए फलदार पौधे...सलाना 10 लाख तक की आय अर्जित कर सकेगी समूह की महिलाएं...

*सुकमा 01 जुलाई 2021/* मानसून प्रारंभ होते ही भूमि की उपजाऊ क्षमता बढ़ जाती है। जिससे भूमि के सभी छोटे-बडे़ पौधों पर नए हरे पत्ते आने लगती है। जिसे देखकर ऐसा प्रतीत होता है जैसे प्रकृति हरे रंग की चादर ओढ़ ली है। वर्षा ऋतु वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त समय होता है, ऐसे में जिले के सभी गौठानों में वृक्षारोपण किया जा रहा है।

 आज इसी अनुक्रम में रोका-छेका कार्यक्रम की शुरूआत के अवसर पर ग्राम गौठान रामाराम में फलदार पौधों का रोपण किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नूतन कुमार कंवर ने पौधारोपण कर रोका-छेका कार्यक्रम की शुरूआत की। उन्होंने गौठान परिसर में पपीता, आम, निम्बू और मुनगा के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर गौठान में उपस्थित स्व-सहायता समूह की महिलाओं, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणों ने भी पौधा रोपण कर वृक्षों के संरक्षण और रख-रखाव के लिए रोका-छेका अभियान का पूर्णतः पालन करने की शपथ ली।

*समूह की महिलाओं को मिलेगी आर्थिक उन्नति*

 रामाराम गौठान परिसर में आज 400 नग पपीता, 100 नग निम्बू, 100 नग मुनगा एवं 100 नग आम के पौध लगाए गए। इसके साथ ही दो एकड़ भूमि पर कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा सब्जियों का उत्पादन किया जाएगा। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री कंवर ने समूह की महिलाओं को उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी एवं आगे भी सतत् तौर पर बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा इस गौठान को राज्य स्तर पर आदर्श गौठान के उदाहरण के रूप में प्रदर्शित करना है। उन्होंने बताया कि इन पौधों की अच्छी देख-रेख, समय-समय पर आवश्यकतानुसार खाद और पानी देने से आगामी दिनों में महिलाओं को लगभग 10 लाख रुपए की सालाना आमदनी हो सकती है। जिससे समूह की महिलाएं आर्थिक रूप से संशक्त होगी और आत्मनिर्भरता की अग्रसर होगी।

 उल्लेखनीय है कि विगत दिनों रामाराम गौठान की महिलाओं द्वारा 60 हजार रुपए से अधिक की सब्जियों का विक्रय किया गया है। जिसकी प्रसंशा प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने की थी।