जिले के प्रभारी सचिव श्री नीरज बनसोड़ ने छिन्दगढ़ सहित विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण




किसानों को सुविधा देने खरीदी कार्य के सुचारू संचालन के दिए निर्देश |
सुकमा- जिले के प्रभारी सचिव श्री नीरज बनसोड़ ने आज छिन्दगढ़ स्थित धान खरीदी केन्द्र सहित विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया, इस दौरान कलेक्टर श्री विनीत नन्दनवार भी साथ रहें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी की मात्रा, सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए टोकन कटने, छोटे-बड़े किसानों की जानकारी लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर धान खरीदी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बरदाना की उपलब्धता, हमाल व्यवस्था, तौल मशीन, नमी मापक यंत्र, कम्प्यूटर, स्टैकिंग एवं त्रिपाल की व्यवस्था आदि व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान श्री बनसोड़ ने प्रशासन व पुलिस की टीम को कोचियों और बिचौलियों पर सतत निगरानी करने कहा है। उन्होंने खरीदी के तमाम व्यवस्थाओं, टोकन जारी करने की प्रक्रिया का संज्ञान लिया तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो उसे ध्यान में रखकर निरंतर सुव्यवस्थित रुप से धान खरीदी करने के निर्देश दिए।
श्री बनसोड़ ने धान की गुणवत्ता, नमी का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से चर्चा कर समस्याओं से अवगत हुए, किसानों ने किसी प्रकार की समस्या नहीं होने की बात कही। उन्होंने किसानों को पुराने बारदाना के 25 रुपए दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने सभी खरीदी प्रभारियों को खरीदी प्रभारियों को धान उठाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्री बनसोड़ ने खरीदे गए धान की मात्रा प्रतिदिन कंप्यूटर में प्रविष्टि करने के निर्देश दिए।
उन्होंने तोंगपाल, पुसपाल, तालनार, कोडरीपाल और सुकमा स्थित धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य अधिकारी श्री जयवर्धन ठाकुर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।