CG कोरोना बिग ब्रेकिंग : छत्तीसगढ़ में भी गहराया ओमिक्रॉन का खतरा!….CG में विदेश से आए दो लोग पॉजिटिव मिले….जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए सैंपल….42 लोगों की तलाश, कई के मोबाइल नंबर बंद….




डेस्क :बिलासपुर में विदेश से आए दो लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एक युवक और एक महिला है। दोनों USA से लौटे हैं। इसके बाद नए स्ट्रेन ओमिक्रॉन की आशंका से हड़कंप मच गया है। उनके RTPCR टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें निगरानी में रखा है। साथ ही जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए सैंपल भुवनेश्वर भेजे गए है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल, विभाग ने दोनों लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री के आधार पर उनके संपर्क में आने वालों की जांच शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि बिलासपुर में 17 नवंबर से अब तक 57 लोग विदेश से आए हैं। इनमें से 15 नागरिकों की पहचान कर उनका RT-PCR जांच की गई। जिसमें से 2 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों संक्रमितों को विभाग ने निगरानी में रखा है। साथ ही उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर RTPCR जांच कराई जा रही है।
विदेश से लौटे दो संक्रमित यूनाइटेड स्टेट अमेरिका गए थे। उनकी जांच के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें एक महिला रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी की रहने वाली है। दूसरा 30 साल का युवक खमतराई रोड में रहता है। महिला को उनके घर में आइसोलेट किया गया है। जबकि युवक रिपोर्ट आने से पहले ही मुंबई चला गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उससे संपर्क किया। पुलिस कार्रवाई की चेतावनी देने के बाद युवक वापस बिलासपुर आ गया है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे भी निगरानी में रखा है। उनके परिवार के तीन सदस्यों की RTPCR रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद टीम ने उसके संपर्क में आने वाले आधा दर्जन लोगों की भी जांच कराई है। उनकी रिपोर्ट का इंतजार है।
अभी भी विदेश से लौटे 42 लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं खोज पाई है। इसलिए इनका सैंपल भी नहीं लिया जा सका है। इन्हें जल्द ही खोजने और जांच के लिए RTPCR सैंपल लेने की बात ट्रेसिंग टीम ने कही है। दरअसल, विदेश से लौटने वाले लोग या तो दूसरे राज्य चले गए हैं या फिर दूसरे शहर पहुंच गए हैं। वहीं, कईयों का मोबाइल नंबर ही बंद मिल रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को उन्हें ट्रेस करने में परेशानी हो रही है।