इस सीट पर बड़ा फेरबदल: आजीवन कारावास की सजा काट रहे बाहुबली की बेटी को पार्टी ने उतारा मैदान में.... बाहुबली की बेटी इंग्लैंड से हैं एमबीए पास.... जानिए क्या है पीछे की कहानी......




...
डेस्क। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में सियासी हवा तेजी से बह रही है। आगरा में दो पार्टियों ने अपने प्रत्याशियों की टिकट काटकर बड़ा उलटफेर कर दिया है। बीएसपी ने एत्मादपुर से सर्वेश बघेल का टिकट काटकर बीजेपी से जिला पंचायत अध्यक्ष रहे राकेश बघेल को प्रत्याशी बनाया है। समाजवादी पार्टी ने फतेहाबाद सीट पर अपना प्रत्याशी बदल दिया है। समाजवादी पार्टी ने हिस्ट्रीशीटर अशोक दीक्षित की बेटी रुपाली दीक्षित को उम्मीदवार बनाया है, जबकि तीन दिन पहले राजेश कुमार शर्मा को इस सीट से प्रत्याशी घोषित किया था। आगरा जिले में फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी ने बाहुबली की बेटी को चुनाव मैदान में उतारा है।
पार्टी ने तीन दिन पहले घोषित प्रत्याशी को बदलकर रुपाली दीक्षित को टिकिट दे दिया। सपा को फीडबैक मिला था कि पार्टी प्रत्याशी कमजोर हैं। इसलिए ब्राम्हण कार्ड खेलते हुए बाहुबली की बेटी को मैदान में उतार दिया। 34 वर्षीय रूपाली दीक्षित बाहुबली अशोक दीक्षित की पुत्री हैं। इंग्लैंड से एमबीए किया है। जिलाध्यक्ष मधुसूदन शर्मा ने रूपाली के नाम पर मुहर लगने की पुष्टि करते हुए बताया कि पार्टी हाईकमान के निर्णय का सम्मान होगा। रूपाली फतेहाबाद से दावेदारी कर रही थीं, परंतु उनकी जगह 17 जनवरी को राजेश शर्मा का नाम फाइनल हुआ था।
गोरखपुर से सपा नेता हरी शंकर तिवारी रूपाली दीक्षित की पैरवी में जुटे हुए थे। बुधवार सुबह रूपाली लखनऊ पहुंच गई। दोपहर बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने उन्हें बी फॉर्म जारी कर दिया है। फतेहाबाद विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी छोटे लाल वर्मा मैदान में हैं। 2007 में अशोक दीक्षित ने फतेहाबाद से निदर्लीय चुनाव लड़ा था। तब वह दूसरे नंबर पर रहे थे। अब उनकी बेटी पर सपा ने दांव लगाया है। ऐसे में दोनों के बीच टक्कर बताई जा रही है। पिछले दिनों छोटे लाल ने अशोक दीक्षित के खिलाफ विवादित बयान दिया था। तब मामला चर्चाओं में आया था।
अशोक दीक्षित बरेली केंद्रीय जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। वर्ष 2007 में फिरोजाबाद के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण यादव के भाई सुमन यादव की बीच चौराहे पर गोली मारकर हत्या के मामले में 2015 में न्यायालय ने अशोक दीक्षित को सजा सनाई थी। अशोक दीक्षित पर 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उत्तर प्रदेश में विधानसभा का शंखनाद हो चुका है। पहले चरण में 10 फरवरी से चुनाव होंगे।
बाहुबली नेता अशोक दीक्षित की बेटी रुपाली दीक्षित फतेहाबाद से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी होंगी। वे 2017 से चुनाव लड़ने की तैयारियों में जुटी थीं। फतेहाबाद सीट ने उन्होंने बीएसपी से टिकट मांगा था। बीएसपी ने छोटेलाल वर्मा को प्रत्याशी बना दिया। इसके बाद उन्होंने बीजेपी ज्वॉइन कर ली, लेकिन बीजेपी ने भी उन्हें भाव नहीं दिया और जितेंद्र वर्मा को टिकट दे दिया, लेकिन इस बार उन्होंने सबको चौंकाते हुए मौके पर चौका मारा है। उम्मीदवार घोषित होने के बाद सपा का टिकट लेकर राजनीतिक गलियारों में सरगर्मियां बढ़ा दी हैं। माना जा रहा है कि उनकी सीधी टक्कर बीजेपी के प्रत्याशी की होगी। संभावित है कि वे बीजेपी नेता पर भारी पड़ जाएं।