CG अपहरण बिग ब्रेकिंग : सब इंजीनियर सहित दो के अपहरण की आशंका….. निर्माण कार्य देखने गये PMGSY के दोनों कर्मचारियों का घंटों बाद भी अबतक नही मिली कोई खबर…नक्सलियों के अपहरण की आशंका…..




डेस्क : बीजापुर 12 नवंबर 2021। बीजापुर से एक बड़ी खबर आ रही है। PMGSY के एक इंजीनियर और चपरासी का पिछले करीब 24 घंटे से कोई सुराग नहीं मिल रहा है। ये दोनों कल ही सड़क कार्य को देखने के लिए मौके पर गये थे, लेकिन उसके बाद से ही दोनों का कोई पता नहीं चल रहा है। घटना के बाद विभाग में सनसनी मची है। दोनों के अपहरण की आशंका भी जतायी जा रही है, हालांकि पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी नहीं बोल रही है।
आशंका है कि नक्सलियों ने दोनों का अपहरण कर लिया है। सब इंजीनियर बीजापुर जिले के नक्सल इलाके में सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए गुरुवार को गए हुए थे। उनके साथ ऑफिस का प्यून भी था। लेकिन दोनों कल दोपहर से घर नहीं लौटे हैं। सूत्र बता रहे हैं कि नक्सलियों ने दोनों का अपहरण कर लिया है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों की तरफ से नक्सलियों के द्वारा अपहरण किए जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकरी के मुताबिक, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में पदस्थ सब इंजीनियर अजय रोशन लकड़ा और प्यून लक्ष्मण परतगिरी गुरुवार की दोपहर नक्सल प्रभावित इलाके गोरना पहुंचे थे। यहां करोड़ों रुपए की लागत से सड़क निर्माण का काम चल रहा है। वहीं यह इलाका पूरी तरह से माओवादियों का गढ़ है। गुरुवार दोपहर के बाद आज शुक्रवार तक उनकी कोई खबर नहीं मिली है। उनका फोन भी बंद बता रहा है। इधर, विभाग को भी उनकी कोई खबर नहीं है।
24 घंटे बाद भी दोनों कर्मचारियों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। PMGSY के कार्यपालन अभियंता बलराम ठाकुर ने दोनों के वापस न लौटने की जानकारी दी है। इस पूरे मामले में माओवादियों ने भी अपहरण के संबंध में अधिकृत तौर पर कोई जानकारी नहीं दी है।