हंसने पर लगी पाबंदी: इस देश में नया फरमान.... हंसने, शराब पीने और शॉपिंग पर रोक.... लोगों को उदास रहना होगा.... सख्ती से लागू होगा आदेश.... खुशी मनाई तो होगी कड़ी सजा......




...
डेस्क। उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन ने देश में लोगों के हंसने, शॉपिंग पर जाने और शराब पीने पर पाबंदी लगा दी है। ये पाबंदी अगले 11 दिनों तक जारी रहेगी। किम जोंग ने ये रोक अपने पिता और देश के पूर्व शासक किम जोंग इल के निधन की 10वीं बरसी पर लगाई है। किम जोंग उन ने अपने पिता के निधन के 10 साल पूरे होने पर उत्तर कोरिया की जनता पर 11 दिनों का बैन लगाया गया है, जो शुक्रवार से शुरू हो गया है। इस दौरान देश के लोग ना हंस सकते हैं और ना ही शराब पी सकते हैं। इतना ही नहीं अपने निजी शोक में वह जोर-जोर से रो भी नहीं सकते। पार्टी, शॉपिंग आदि पर भी सख्ती से प्रतिबंध लगाने के आदेश दिए गए हैं।
उत्तर-पूर्वी सीमावर्ती शहर सिनुइजू के एक निवासी ने बताया कि शोक की अवधि के दौरान हमें शराब नहीं पीनी है, हंसना नहीं है और किसी खेलकूद में भी शामिल नहीं होना है। उसने आगे कहा कि पिछले दस सालों में जो भी शख्स इस शोक अवधि के दौरान शराब पीता पकड़ा गया, उसे गिरफ्तार कर लिया गया और वो फिर कभी दिखाई नहीं दिया। अगर इन 11 दिनों में किसी के घर कोई मर भी जाता है तो उसे रोने या चिल्लाने की छूट नहीं है।
जब तक शोक का दिन खत्म नहीं होगा तब तक बॉडी घर में ही रहेगी। इन 11 दिनों के दौरान लोग अपना जन्मदिन भी नहीं मना सकते हैं। बताया गया कि प्रत्येक साल शोक की अवधि 10 दिनों की होती थी, क्योंकि ये 10वीं पुण्य तिथि है इसलिए इस अवधि को एक दिन बढ़ा दिया गया है। अब शोक की अवधि 11 दिन की है। यदि किसी ने इस फरमान का उल्लंघन किया तो उसे कड़ी सजा दी जाएगी।
किम जोंग उन के दादा किम इल-सुंग ने 1948 में वर्तमान नॉर्थ कोरिया की स्थापना की थी। उनकी मौत के बाद 1994 में उनके सबसे बड़े बेटे किम जोंग इल को सत्ता मिली। किम जोंग-इल ने 1994 से 2011 तक देश पर शासन किया। 17 दिसंबर 2011 को 69 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। पिता की मौत के बाद किम जोंग उन गद्दी पर बैठे। अब उन्होंने भी बतौर तानाशाह 10 साल पूरे कर लिए हैं।