संविधान दिवस: संविधान पढ़ो और आगे बढ़ो - भगवानू.... अधिवक्ता भगवानू नायक ने दी युवाओं को संविधान की जानकारी.... संविधान की किताब भेंट कर युवाओं ने किया सामाजिक नेता नायक का सम्मान.....




रायपुर, छत्तीसगढ़ दिनांक 26 नवंबर 2021। संविधान दिवस के पावन अवसर पर आज सुभाष नगर में संविधान दिवस मनाया गया और संविधान के रचनाकार स्वतंत्र भारत के प्रथम क़ानून मंत्री डॉ बाबा साहब अम्बेडकर को याद किया गया। इस अवसर पर बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलकर गरीबों की सेवा करने वाले और उनके न्याय की लड़ाई लड़ने वाले सामाजिक नेता व अधिवक्ता श्री भगवानू नायक का संविधान की किताब भेंट कर युवाओं के द्वारा सम्मान किया गया । इस अवसर पर श्री नायक ने युवाओं को सम्बोधित करते हुए और संविधान की जानकारी देते हुए कहा 2 साल 11 महीने 18 दिन के अथक प्रयासों के बाद आज के ही दिन 26 नवंबर 1949 को स्वतंत्र भारत का संविधान अंगीकृत हुआ और 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया जिसे हम प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस के रुप मे मनाते है। उन्होंने कहा दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान जो न सिर्फ वंचित वर्ग को बल्कि इस देश के प्रत्येक नागरिक को अधिकार देता है और उनके अधिकारों की रक्षा भी करता है। संविधान के सामने आज भी अनेक चुनौती है, इसके बावजूद भी संविधान के कारण ही समाज के अंतिम पंक्ति का अंतिम व्यक्ति आगे बढ़ रहा है और देश दुनिया में महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। नायक ने कहा भारत का संविधान देश का आधार स्तम्भ है, देश की आत्मा है भारत का संविधान, संविधान की वजह से ही एक चाय वाला का बेटा आज देश का प्रधानमंत्री बन सकता है और एक वंचित समुदाय का व्यक्ति देश का सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर आसीन हो सकता है इसलिए संविधान को पढ़ो और आगे बढ़ो, संविधान हमारी आन बान और शान है, संविधान का सम्मान करना और पालन करना हमारा परमकर्तव्य है।
इस दौरान प्रमुख रूप से सामाजिक नेता अधिवक्ता श्री भगवानू नायक, संतोष क्षत्री, मनीष निहाल, तरुण बाघ , प्रकाश महानंद, मुकेश निहाल, प्रेम बाघ, हेमंत दुर्गा,आकाश बेसरा, विकाश तांडी, प्रमोद , अजय, मोहन, सनी बाघ सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे। उक्ताशय की जानकारी गांडा समाज के युवा नेता सनी बाघ ने दी है।