मोदी कैबिनेट के विस्तार का मुहूर्त तय: नए मंत्री आज शाम इस समय लेंगे शपथ.... बड़ा होगा मोदी मंत्रिपरिषद का विस्तार.... मंत्रिमंडल विस्तार में CG से भी!.... इनका नाम भेजा गया.... जानें किन्हें मिलेगी जगह......




नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम को अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार करने जा रहे हैं। मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं को सूचना भी दी जाने लगी है। कई नेता दिल्ली पहुंच गए हैं। केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त करने के साथ यह साफ हो गया है कि यह फेरबदल और विस्तार काफी बड़ा होगा, जिसमें लगभग डेढ़ दर्जन नए मंत्रियों को तो शामिल किया ही जाएगा, साथ ही कुछ पुराने चेहरों को हटाया भी जा सकता है।
हर बड़ा काम शुभ मुहूर्त पर करने वाली मोदी सरकार ने नए मंत्रियों को शपथ दिलाने का भी मुहूर्त तय कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक मंत्री शाम 5:30 से 6:30 बजे के बीच शपथ लेंगे। इस दौरान सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है। इसमें किया गया कोई भी काम सफल होता है। सरकार के सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी कैबिनेट के लिए 25 से ज्यादा दलित, आदिवासी, OBC वर्ग के और पिछड़े क्षेत्रों के जमीनी नेताओ को चुना है। काफी संशोधन और सोच विचार के बाद नए मंत्रियों के नाम तय हुए हैं।
मोदी सरकार के लिए ये विस्तार अभी बेहद जरूरी है। संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू हो रहा है और नए मंत्रियों को अपने मंत्रालयों में घुलने-मिलने के लिए वक्त चाहिए होगा। कोरोना की दूसरी लहर में केंद्र सरकार के मिस मैनेजमेंट की हर ओर आलोचना हुई। गवर्नेंस में क्वालिटी की कमी नजर आई। स्मार्ट सिटी हो या फिर कैशलेस इकोनॉमी, मोदी का कोई भी पसंदीदा प्रोजेक्ट ट्रैक पर नहीं है। मोदी को टॉप लेवल पर ज्यादा काबिलियत वाली टीम की जरूरत है।
छत्तीसगढ़ भाजपा ने बिलासपुर सांसद अरुण साव का नाम भेजा, विजय बघेल का भी नाम गया, सरोज पाण्डेय तो दिल्ली पहुंच गईं
मंत्रिमंडल विस्तार की कवायदों के बीच छत्तीसगढ़ की उम्मीदें भी बढ़ गई है। प्रदेश भाजपा को लग रहा है कि कम से कम एक और सांसद को मंत्री बनने का मौका मिल सकता है। यहां तीन नेताओं अरुण साव, विजय बघेल और सरोज पाण्डेय के नाम की चर्चा चल रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संगठन की ओर से एक नाम मांगा था। प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय ने प्रदेश भाजपा की ओर से बिलासपुर सांसद अरुण साव का नाम प्रस्तावित किया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस की ओर से दुर्ग सांसद विजय बघेल का भी नाम अपनी ओर से प्रस्तावित किया है। इस बीच राज्य सभा सांसद सरोज पाण्डेय आनन-फानन में दिल्ली पहुंच भी गई हैं। विजय बघेल को आक्रामक चेहरा माना जाता है। वे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के परिवार से ही हैं। ऐसे में उनके नाम की भी कुछ हद तक संभावना बनी हुई है। सरोज पाण्डेय को स्थानीय से अधिक केंद्रीय संपर्कों और समीकरणों से उम्मीद हैं। यह कितना असरदार होगा यह वक्त बताएगा।
कुछ पुराने मंत्रियों को हटाया भी जा सकता है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सरगुजा सांसद रेणुका सिंह के मंत्री बने रहने पर भी संदेह है। रेणुका सिंह अभी जनजातीय कार्य मंत्रालय की राज्य मंत्री हैं। उनके कामकाज को लेकर संगठन में नाराजगी बताई जा रही है। लेकिन अगर रेणुका सिंह को हटाया जाता है तो इसी वर्ग से किसी और को स्थान देने का राजनीतिक दबाव भी होगा।
जानें किन्हें मिल सकती है जगह
मंत्रिपरिषद विस्तार में प्रधानमंत्री सामाजिक समीकरणों, सहयोगी दलों को साधने, आने वाले चुनावों की रणनीति के साथ इस बात का भी ध्यान रखेंगे जिससे कि सरकार की छवि बेहतर हो सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते एक माह में अपने सभी मंत्रियों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की है। इसके चलते लगभग आधा दर्जन मंत्रियों पर गाज भी कर सकती है। साथ ही लगभग डेढ़ दर्जन से ज्यादा नए मंत्रियों को शामिल किए जाने की संभावना है।
लगभग आधा दर्जन कैबिनेट मंत्री हो सकते हैं। जिन प्रमुख नेताओं को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है उनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया, सर्बानंद सोनोवाल, नारायण राणे प्रमुख है। जिन नए चेहरों की चर्चा है उनमें बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी, उत्तर प्रदेश से भाजपा सांसद अजय मिश्रा, सकलदीप राजभर, विनोद सोनकर, महाराष्ट्र भाजपा के सांसद कपिल पाटील, हिना गावित, उड़ीसा से आने वाले सांसद अश्विनी वैष्णव, मध्य प्रदेश की लोकसभा सांसद संध्या राय व हरियाणा की सांसद सुनीता दुग्गल शामिल है।
भाजपा सहयोगी दलों को भी मजबूती से अपने साथ करना चाहेगी। जदयू ने साफ किया कि वह सरकार में शामिल होने जा रही है और सब कुछ तय हो गया है। जद यू से आरसीपी सिंह समेत तीन से चार मंत्री बनाए जा सकते हैं। इसके अलावा अपना दल से अनुप्रिया पटेल, लोजपा के पशुपति पारस, निषाद पार्टी के प्रवीण निषाद (भाजपा सांसद) को भी जगह मिल सकती है।