2021 का आखिरी पुष्य नक्षत्र: आज रहेगा बुध पुष्य संयोग, आज बुधादित्य योग और अपनी ही राशि में रहेंगे तीन…जाने पुष्य नक्षत्र के साथ विशेष ग्रह स्थिति…..




........
डेस्क : इस साल का आखिरी पुष्य नक्षत्र 22 दिसंबर को है। इस दिन बुधवार होने से ये बुध पुष्य योग बना रहा है। इस शुभ योग में की गई खरीदारी, निवेश और लेन-देन से भी फायदा मिलेगा। अभी खरमास चल रहा है लेकिन इस दौरान पुष्य नक्षत्र में शादी, गृह प्रवेश और अन्य किसी भी शुभ काम के लिए खरीदारी करने की मनाही नहीं है। ज्योतिष ग्रंथों के मुताबिक पूरे साल कभी भी शुभ योगों में खरीदारी की जा सकती है। अब अगला पुष्य नक्षत्र 18 जनवरी, मंगलवार को रहेगा।
22 दिसंबर को पुष्य नक्षत्र के साथ इंद्र और मातंग नाम के 2 शुभ योग भी रहेंगे। जिससे पूरा दिन खरीदारी के लिए शुभ रहेगा। इस दिन चंद्रमा, मंगल और शनि, तीनों ही ग्रह स्वराशि में रहेंगे। यानी ये ग्रह अपनी ही राशियों में रहेंगे। इनके अलावा धनु राशि में सूर्य ओर बुध होने से बुधादित्य योग दिनभर रहेगा। बुध पुष्य के संयोग में सितारों की ऐसी स्थिति में किया गया निवेश लंबे समय तक फायदा देने वाला माना जाता है। साथ ही इन शुभ योगों में किया गया लेन-देन और खरीदारी और शुभ रहेगी।
पुष्य नक्षत्र में खरीदी से सुख-समृद्धि
ज्योतिष शास्त्र में 27 नक्षत्र माने गए हैं। इनमें 8वें स्थान पर पुष्य नक्षत्र आता है। ज्योतिष शास्त्र में पुष्य नक्षत्र का महत्व बहुत ही ज्यादा बताया गया है। पुष्य नक्षत्र बहुत ही शुभ नक्षत्र माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार चूंकि पुष्य नक्षत्र स्थायी होता है और इसीलिए इस नक्षत्र में खरीदी गई कोई भी वस्तु स्थायी तौर पर सुख समृद्धि देती है। पुष्य का अर्थ है पोषण करने वाला, ऊर्जा व शक्ति प्रदान करने वाला। मतांतर से पुष्य को पुष्प का बिगड़ा रूप मानते हैं।
बुध पुष्य पर सोना खरीदना शुभ
वर्तमान गोचर में शुक्र अपने मित्र शनि के साथ उसी की राशि मकर में है। साथ ही मंगल की दृष्टि गुरु पर है और गुरु, मंगल के नक्षत्र में है। इन मित्र ग्रहों की अच्छी स्थिति होना अत्यंत लाभदायक है। बुधवार के दिन पुष्य नक्षत्र का संयोग बने तो यह घर-परिवार के लिए खरीदी जाने वाली हर वस्तु के लिए शुभदायी होता है। बुध पुष्य नक्षत्र में खरीदी करना लाभदायक व अक्षय कारक है, इससे परिवार में समृद्धि बढ़ेगी।
हिंदू परंपरा के अनुसार इस दिन सोना, चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर समेत रसोई घर में इस्तेमाल की जाने वाली वस्तुएं खरीदने से परिवार में सुख-समृद्धि बढ़ेगी। बुध पुष्य नक्षत्र पर सोना, चांदी, तांबा जैसी धातुओं की खरीदारी करने से सुख-समृद्धि व वैभव में वृद्धि होगी। साथ ही जमीन, मकान में निवेश करना लाभदायी साबित होगा।