भारत-श्रीलंका सीरीज ब्रेकिंग :- खतरे में भारत-श्रीलंका सीरीज? श्रीलंका के बैटिंग कोच कोरोना पॉजिटिव, टीम में मचा हड़कंप,13 जुलाई से शुरू होने हैं मुकाबले…




डेस्क :- भारत-श्रीलंका वनडे और टी-20 सीरीज पर कोरोना का साया मंडराने लगा है। इंग्लैंड से खेल कर लौटी श्रीलंकाई टीम के बैटिंग कोच ग्रांट फ्लावर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले श्रीलंका से सीरीज खेलने वाली इंग्लैंड की टीम के 3 खिलाड़ी सहित 7 सदस्य पॉजिटिव पाए गए थे। भारत-श्रीलंका सीरीज 13 जुलाई से शुरू हो रही है। पहले 3 वनडे मैच होने हैं। इसके बाद 3 टी-20 मुकाबले खेले जाने हैं।
अभी क्वारैंटाइन है श्रीलंकाई टीम
इंग्लैंड से वापसी के बाद श्रीलंकाई टीम के सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ क्वारैंटाइन में हैं, लेकिन ग्रांट फ्लावर के पॉजिटिव आने के बाद आशंका जताई जा रही है कि टीम के कुछ अन्य सदस्य भी पॉजिटिव आ सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो भारत के साथ होने वाली सीरीज खतरे में पड़ सकती है।
ऐसी स्थिति में या तो सीरीज रद्द हो सकती है या फिर श्रीलंका को नई टीम का चयन करना पड़ सकता है। श्रीलंका की मुख्य टीम ही इंटरनेशनल क्रिकेट में बेहद कमजोर खेल दिखा रही है। ऐसे में अगर बी टीम चुननी पड़ी तो टीम का प्रदर्शन और भी खराब हो सकता है।