लड़की हूँ लड़ सकती हूँ : फायर ब्रांड कांग्रेस विधायक छन्नी साहु को असेंबली में नहीं जाने दिया गया, क्योंकि वो स्कूटी पर सवार होकर परिसर में दाखिल होने की कोशिश कर रही थीं।




NBL,. 09/03/2022, Lokeshwer Prasad Verma,.. छत्तीसगढ़ की फायर ब्रांड कांग्रेस विधायक छन्नी साहु को महज इस वजह से असेंबली में नहीं जाने दिया गया, क्योंकि वो स्कूटी पर सवार होकर परिसर में दाखिल होने की कोशिश कर रही थीं। पुलिस का कहना है कि स्कूटी को परिसर में जाने देने की अनुमति नहीं है, पढ़े विस्तार से...।
हालांकि, सारे मामले में कांग्रेस की गुटबाजी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। माना जा रहा है कि सीएम भूपेश बघेल के विरोधी खेमे से संबंध होने के चलते विधायक साहु को असेंबली के गेट पर रोककर शर्मिंदा किया गया। ध्यान रहे कि कांग्रेस ने लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा यूपी चुनाव में दिया था।
छत्तीसगढ़ में विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। खुज्जी विधानसभा से कांग्रेस विधायक छन्नी साहू को लेकर विवाद खड़ा हो गया। छन्नी साहू कांग्रेस की विधायक हैं और इन दिनों पुलिस प्रशासन से नाराज चल रही हैं। उन्होंने सुरक्षा छोड़ दी है। वो सरकारी गाड़ी का भी इस्तेमाल नहीं कर रही हैं। वह स्कूटी से ही क्षेत्र में घूम रही हैं। विधानसभा भी स्कूटी से ही पहुंची थी।
छत्तीसगढ़ की यह महिला विधायक अपने क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों और प्रशासन से नाराज है। इसे लेकर सीएम और प्रदेश के गृह मंत्री से भी शिकायत की है। वह क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि मैं हर बात को सरकार के सामने मुखर होकर रखूंगी।
हालांकि, वो पहले भी काफी विवादों में रही हैं। उनके पति चंदू साहू को पुलिस ने हाल ही में गिरफ्तार किया था। एक आदिवासी ने चंदू साहू के खिलाफ थाने में शिकायत की थी। उसने बताया था कि विधायक के पति ने जातिसूचक शब्दों का उपयोग कर उससे गाली गलौज की। उसके बाद पुलिस ने चंदू साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अरेस्ट किया था।