बिग CG न्यूज: पूर्व सांसद और पूर्व विधायक निधन.... छत्तीसगढ़ गठन की मांग को लेकर MP विधानसभा में फेंके थे पर्चे…. वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद के निधन से पार्टी में शोक की लहर....




डेस्क :- छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद और विधायक रह चुके कांग्रेस नेता रामाधार कश्यप (84) का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह बिलासपुर स्थित अपने आवास में ही थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने वहां मृत घोषित कर दिया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने शोक जताया है।
पर्चा फेंका तो जेल गए, राज्य बना तो सांसद और विधायक चुने गए
रामाधार कश्यप छात्र समय से ही राजनीति में सक्रिय थे। पहचान बनी छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की मांग को लेकर मध्य प्रदेश विधानसभा में पर्चा फेंकने से। इसके बाद पकड़े गए और सजा भी हुई, लेकिन इस घटना ने रामाधार कश्यप को सुर्खियों में ला दिया। छत्तीसगढ़ का गठन हुआ तो तत्कालीन मुख्ययमंत्री अजीत जोगी ने साल 2002 में राज्यसभा भेज दिया। फिर सांसद रहते हुए 2003 में अकलतरा से विधानसभा का टिकट मिला और उन्होंने जीत दर्ज की।
मुख्यमंत्री ने कहा- उनका योगदान प्रेरित करता रहेगा
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व सांसद रामाधार कश्यप के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में ईश्वर परिवारजनों को संबल और दिवंगत आत्मा को शांति दें। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।