पंजाब के नए CM बने चरणजीत : चन्नी ने इन दो डिप्टी CM के साथ शपथ ली….सीएम बनते-बनते सुखविंदर सिंह रंधावा डिप्टी सीएम बन गए…..

पंजाब के नए CM बने चरणजीत : चन्नी ने इन दो डिप्टी CM के साथ शपथ ली….सीएम बनते-बनते सुखविंदर सिंह रंधावा डिप्टी सीएम बन गए…..

चंडीगढ़, 20 सितंबर 2021। चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब के मुख्यमंत्री की शपथ ले ली है। वे पंजाब के पहले दलित मुख्यमंत्री होंगे। उनके साथ दो डिप्टी ने शपथ ग्रहण किया।

आज मुख्यमंत्री के साथ ओपी सोनी और सुखविंद सिंह रंधावा को भी शपथ दिलाई गई। दोनों उप मुख्यमंत्री होंगे शपथ ग्रहण के कुछ देर बार राहुल गांधी भी राजभवन पहुंचे। उन्हें आने में विलंब होने के कारण मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम का शपथ ग्रहण हो गया।

ज्ञातव्य है, सुखविंदर रंधावा को मुख्यमंत्री बनना तय हो गया था। उनके घर मिठाइयां बंटनी शुरू हो गई थी। रंधावा ने लोगों की बधाइयां ग्रहण करनी शुरू कर दी थी। मीडिया से उन्होंने यहां तक कह दिया था रिजल्ट देने वालों के लिए चार महीने भी काफी होते हैं। लेकिन, तब तक चरणजीत चन्नी को मुख्यमंत्री चुनने की खबर आ गई।

अपमानित होकर मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने को मजबूर हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह शपथ ग्रहण समारोह में नहीं आए। सूत्रों के मुताबिक नए CM चरणजीत चन्नी दोपहर तक कैप्टन अमरिंदर सिंह से मिलने सिसवां फार्म हाउस जा सकते हैं।

चरणजीत चन्नी के CM बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी। PM मोदी ने कहा कि पंजाब सरकार के साथ पंजाब के लोगों की भलाई के लिए काम करते रहेंगे।

चरणजीत चन्नी अब पंजाब के इतिहास में पहले दलित मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय का चार्ज संभाल लिया है। वहीं, जट्‌ट सिख कम्युनिटी से सुखजिंदर सिंह रंधावा और हिंदू नेता के तौर पर ओपी सोनी को डिप्टी सीएम बनाया गया है। पहले सोनी की जगह ब्रह्म मोहिंदरा का नाम घोषित किया गया था। मोहिंदरा कैप्टन ग्रुप से हैं, इसलिए अंतिम समय में उनका पत्ता कट गया। पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के समर्थन से चन्नी CM की कुर्सी पाने में कामयाब रहे। यह कुर्सी कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।

शपथ के बाद मंत्रिमंडल पर नजर

चरणजीत चन्नी के शपथ लेने के बाद अब उनके मंत्रिमंडल पर सबकी नजर है। चन्नी अब तक तकनीकी शिक्षा मंत्री रहे थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद अब उनके पास कौन-सा मंत्रालय रहेगा। दो डिप्टी CM के पास कौन-सी जिम्मेदारी होगी।