CG- पूर्व CM के भांजे के खिलाफ FIR: 10 BJP नेताओं के खिलाफ दर्ज हुआ मामला.... FIR में जिला पंचायत उपाध्यक्ष सहित 10 नाम.... काउंटिंग के दौरान तोड़फोड़ और नारेबाजी करने का आरोप.....




...
राजनांदगांव 26 दिसंबर 2021। काउंटिंग के दौरान विवाद और तोड़फोड़ करने वाले 10 बीजेपी नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इन नेताओं के खिलाफ बदसलूकी, तोड़फोड़ और सरकारी काम में बाधा डालने के साथ ही आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है। खैरागढ़ में निकाय चुनाव के दौरान हुई तोड़फोड़ मामले में पूर्व CM रमन सिंह के भांजे और जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इन सभी के ऊपर मतदान केंद्र में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप है। रिटर्निंग ऑफिसर की लिखित शिकायत के बाद इस मामले में 2 अलग-अलग FIR खैरागढ़ थाने में दर्ज की गई है।
इसमें एक FIR पुलिस की ओर से है। खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव में 23 दिसंबर को मतगणना हुई थी। 20 वार्डों वाली इस पालिका में 10 पर भाजपा को जीत मिली, जबकि 9 कांग्रेस के खाते में गईं। वहीं, वार्ड-4 में टाई हो गया। दोनों ही प्रत्याशियों को 387 वोट मिले। इसके बाद हंगामा शुरू हुआ। उनकी मांग पर दोबारा गिनती हुई तो भाजपा उम्मीदवार कैलाश नागरे का एक वोट निरस्त हो गया। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुमित टांडिया को विजयी घोषित कर दिया गया। कांग्रेस प्रत्याशी के जीत की घोषणा होते ही भाजपाइयों का गुस्सा फूट पड़ा।
आरोप है कि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के साथ अन्य भाजपाई नारेबाजी करते हुए मतगणना केंद्र के अंदर घुस गए। उन्होंने वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। मतदान केंद्र में रखी कुर्सियों को तोड़ दिया। इसके बाद बाहर ही बैठ कर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि रिटर्निंग अफसर की ओर से अज्ञात और पुलिस की ओर से नामजद FIR की गई है। गैर जमानती धाराओं के तहत दर्ज की गई। FIR से फिर सियासत गरमाती नजर आ रही है।