यूक्रेन और रूस के बीच जारी विवाद को हल करने के लिए भारत मध्यस्थ की भूमिका निभा सकता है: रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव
India can play the role of mediator to resolve the ongoing dispute between Ukraine and Russia: Russian Foreign Minister Sergei Lavrov




NBL,. 01/04/2022, Lokeshwer Prasad Verma,.. यूक्रेन पर रूस की ओर से जारी हमले (Russia Ukraine War) के बीच रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव (Sergey Lavrov) भारत के दौरे पर हैं, पढ़े विस्तार से...।
लावरोव ने कहा है कि यूक्रेन और रूस के बीच जारी विवाद को हल करने के लिए भारत मध्यस्थ की भूमिका निभा सकता है. उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन की बीच अभी तक जितनी भी बार शांति वार्ता हुई है, उसमें कोई हल नहीं निकला है. ऐसे में मॉस्को और कीव के बीच भारत मध्यस्थता कर सकता है।
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा भारत ने अपने 'एजेंडे' का विस्तार करते हुए सहयोग में विविधता लाने की कोशिश की है. जयशंकर ने कहा कि हमारी आज की बैठक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्याप्त तनावपूर्ण स्थिति में हो रही है और भारत हमेशा से मतभेदों या विवादों को बातचीत तथा कूटनीति के जरिए सुलझाने का पक्षधर रहा है. वहीं, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि अतीत में कई मुश्किल मौकों पर भी दोनों देशों के बीच संबंध चिरस्थायी बने रहे. उन्होंने कहा, हमें संतुलित विश्व में रूचि है जो इसे टिकाऊ बनाता है।
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने जयशंकर के साथ वार्ता के दौरान मौजूदा स्थिति में भारत के रुख की सराहना की. जयशंकर एवं लावरोव के बीच यह बैठक ऐसे समय में हुई जब एक दिन पहले ही अमेरिका ने आगाह किया कि रूस के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंधों में गतिरोध पैदा करने वाले देशों को अंजाम भुगतने पड़ेंगे. भारत और रूस के बीच यह उच्च-स्तरीय बैठक उन संकेतों की पृष्ठभूमि में हुई, जिसमें व्यापक छूट पर रूस से बड़ी मात्रा में तेल खरीदने की भारत की संभवनाओं तथा द्विपक्षीय व्यापार के लिए रुपये-रूबल की विनिमय व्यवस्था की बात सामने आई।
अमेरिका रूस का साथ देने वाले देशों को दे चुका है धमकी..
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव बृहस्पतिवार को दो-दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे. वह चीन की यात्रा समाप्त करने के बाद भारत आए हैं. यूक्रेन पर पिछले महीने रूस के आक्रमण के बाद से उनकी यहां की यह पहली यात्रा है. रूसी विदेश मंत्री लावरोव के भारत पहुंचने से कुछ ही घंटे पहले अमेरिका के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (डिप्टी एनएसए) दलीप सिंह ने आगाह किया था कि रूस के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंधों में गतिरोध पैदा करने वाले देशों को अंजाम भुगतने पड़ेंगे।